खेरागढ़ CHC में मरीजों को मिलेगी ठंडे पानी की सौगात
- ब्लॉक प्रमुख निधि से शुरू हुआ सबमर्सिबल, RO और वाटर कूलर का काम
खेरागढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खेरागढ़ में अब मरीजों और तीमारदारों को इस भीषण गर्मी के बीच शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। ब्लॉक प्रमुख अनिल सिकरवार द्वारा प्रमुख निधि से सीएचसी परिसर में सबमर्सिबल, आरओ (RO) प्लांट और वाटर कूलर लगवाने का कार्य शुरू करा दिया गया है।
भीषण गर्मी के बीच अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं। ऐसे में पेयजल की बेहतर व्यवस्था न होने से अब तक लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। अब आरओ प्लांट और वाटर कूलर लगने से अस्पताल आने वाले लोगों को स्वच्छ और ठंडा पानी आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।
ब्लॉक प्रमुख अनिल सिकरवार ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ मरीजों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी हमारी प्राथमिकता में शामिल है। इसी उद्देश्य से प्रमुख निधि से यह कार्य कराया जा रहा है, ताकि अस्पताल आने वाले किसी भी व्यक्ति को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं। गर्मी के मौसम में शुद्ध और ठंडे पानी की व्यवस्था बेहद जरूरी थी। ब्लॉक प्रमुख द्वारा कराए जा रहे इस कार्य से मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस बीच स्थानीय लोगों ने भी ब्लॉक प्रमुख की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक बेहद उपयोगी और सराहनीय कदम बताया है।