पिनाहट CHC में संविदा कर्मियों का हल्लाबोल; 'नो पे, नो वर्क' के नारे
- महीनों से मानदेय न मिलने पर ठप किया काम
- प्रदेश संघ के आह्वान पर खोला मोर्चा
पिनाहट (आगरा)। मानदेय में अनिश्चितता और भुगतान में लगातार हो रही देरी से नाराज नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पिनाहट में पूर्ण कार्य बहिष्कार कर दिया। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में धरना दिया और "नो पे, नो वर्क" के जोरदार नारे लगाए।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा कि पिछले कई महीनों से उन्हें मानदेय नहीं मिला है। इसके कारण घर का राशन-खर्च चलाना और बच्चों की स्कूल फीस भरना बेहद मुश्किल हो गया है। गंभीर आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहे कई कर्मचारी अब अपनी दैनिक जरूरतों के लिए कर्ज लेने को मजबूर हैं।
धरना स्थल पर मौजूद संघ के पदाधिकारियों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से बकाया मानदेय का जल्द से जल्द भुगतान करने की मांग की। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि जब तक मानदेय का भुगतान नहीं हो जाता और इसकी नियमितता सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक उनका यह आंदोलन और कार्य बहिष्कार लगातार जारी रहेगा। कर्मचारियों ने यह भी कहा कि इस हड़ताल की वजह से मरीजों को जो भी परेशानी हो रही है, उसके लिए पूरी तरह से शासन और विभाग जिम्मेदार है।
इस बड़े प्रदर्शन में ब्लॉक क्षेत्र की भारी संख्या में संविदा एएनएम, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन और अन्य संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी मुख्य रूप से शामिल रहे।