आगरा: अगस्त माह का राशन अब 25 तारीख तक मिलेगा, कॉवड़ यात्रा के कारण बढ़ाई गई तिथि
जनपद के अन्त्योदय और पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। जिला पूर्ति अधिकारी श्री आनंद कुमार सिंह ने जानकारी दी है कि अगस्त 2026 के निःशुल्क खाद्यान्न (गेहूँ व चावल) वितरण की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 25 अगस्त 2026 कर दिया गया है।
क्यों बढ़ाई गई तारीख?
खाद्य तथा रसद विभाग के निर्देशानुसार पहले यह वितरण 5 अगस्त से 18 अगस्त 2026 तक तय किया गया था। लेकिन, अगस्त के शुरुआती दिनों में (03.08.2026 से 11.08.2026 तक) कॉवड़ यात्रा के कारण कई जनपदों में खाद्यान्न का उठान और वितरण कार्य प्रभावित हुआ था, जिसकी गति धीमी हो गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी पात्र लाभार्थियों को सुगमता से खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए यह विस्तार किया गया है।
इन सुविधाओं का ले सकते हैं लाभ:
ई-पॉस मशीन: 25 अगस्त तक ई-पॉस मशीनों के माध्यम से आधार आधारित बायोमीट्रिक वितरण जारी रहेगा।
मोबाइल ओटीपी: यदि बॉयोमीट्रिक मिलान में समस्या आती है, तो मोबाइल ओटीपी के जरिए राशन प्राप्त करने की सुविधा निर्धारित तिथि के साथ-साथ 25 अगस्त 2026 को भी उपलब्ध रहेगी।
पोर्टेबिलिटी सुविधा: कार्डधारक पोर्टेबिलिटी के माध्यम से भी 25 अगस्त तक अपनी आवश्यक वस्तुएं प्राप्त कर सकेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित कार्डधारकों से अपील की है कि वे समय सीमा (25 अगस्त) समाप्त होने से पहले अपना निःशुल्क राशन अवश्य प्राप्त कर लें।