मकान की दीवार में सेंध लगाकर लाखों की चोरी
खेरागढ़ थाना क्षेत्र के गांव घुसियाना के मजरा गढ़ी इंद्रा में गुरुवार रात चोरों ने एक मकान की दीवार में सेंध लगाकर लाखों रुपये के आभूषण और हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।पीड़ित रक्षपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रात के समय परिवार के पुरुष सदस्य घर के बाहर टिनशेड में सो रहे थे, जबकि महिलाएं घर के अंदर थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान के पीछे की दीवार काटकर कमरे में घुस गए। चोरों ने अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे सोने की एक जोड़ी बृजबाला, मंगलसूत्र, गले की चेन, दो सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी चांदी की पायल तथा करीब सात हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।शुक्रवार तड़के जब परिजनों ने कमरे का ताला खोला तो सामान बिखरा पड़ा मिला। चोरी की जानकारी होते ही पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
परिजन महेंद्र सिंह के अनुसार चोरी गए सामान में करीब पांच तोला सोना और 800 ग्राम चांदी के आभूषण शामिल हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
मामले में केस दर्ज कर खुलासे के लिए टीम लगाई गई है।जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
आदित्य कुमार सिंह
डीसीपी पश्चिमी