एस.एन. मेडिकल कॉलेज में “खेलो इंडिया संवाद”: पीएम मोदी के संबोधन से जुड़े युवा, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने दिया फिटनेस का संदेश
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 'मेरा युवा भारत, आगरा' द्वारा एस.एन. मेडिकल कॉलेज में “खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात प्रधानमंत्री के साथ” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को युवाओं ने लाइव सुना और खेलों के प्रति प्रेरित हुए।
युवाओं को खेल, फिटनेस और नशे से दूर रहने का आह्वान
मुख्य अतिथि प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें खेल और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हुए एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाएं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन रहा। प्रधानमंत्री ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, धैर्य और टीम भावना सीखने की पाठशाला है। जब मैदान में उतरकर युवा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करता है, तो वह पूरे देश का नाम रोशन करता है। उन्होंने युवाओं से अपनी रुचि के अनुसार किसी न किसी खेल को अपनाने और नए भारत की पहचान को मजबूत करने की अपील की।
शूटिंग स्पोर्ट्स पर्सन डॉ. हिमालय ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल हुईं शूटिंग स्पोर्ट्स पर्सन डॉ. हिमालय ने युवाओं के साथ अपने खेल अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि शूटिंग जैसे खेलों में सफलता पाने के लिए एकाग्रता, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और धैर्य का होना सबसे ज्यादा जरूरी है। उन्होंने छात्रों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के गुर सिखाए।
एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल व स्वस्थ जीवनशैली को जरूरी बताया। अध्यक्षता 'मेरा युवा भारत' के जिला युवा अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार सहगल ने की।
इन विद्यालयों और महाविद्यालयों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में एस.एन. मेडिकल कॉलेज के स्टाफ, शांति मांगलिक संस्थान और सरस्वती बालिका विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ साहिल कुमार, तनिष्क, धनंजय, सीमा, चेष्टा और संस्कृति समेत कई युवा खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 'मेरा युवा भारत' के स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया।