शास्त्रीपुरम की फैक्ट्री में भीषण आग, काम कर रहे थे 150 कर्मचारी

212 readers

आगरा। शास्त्रीपुरम इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शर्मा इंडस्ट्रीज में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक एक फैक्ट्री के भीतर भीषण आग भड़क उठी। लकड़ी का कार्य करने वाली इस फैक्ट्री के डस्ट कलेक्टर एरिया में भारी मात्रा में एकत्र लकड़ी के बुरादे ने आग पकड़ ली, जिससे आसमान में काला धुआं छा गया। हादसे के वक्त कारखाने के भीतर डेढ़ सौ से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे थे, जिन्हें प्रबंधन की सूझबूझ से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह जब कारखाने में सामान्य दिनों की तरह कामकाज चल रहा था, तभी अचानक डस्ट कलेक्टर क्षेत्र में रखे लकड़ी के बुरादे से धुएं के गुबार उठने लगे। आग की भनक लगते ही कर्मचारियों ने एक-दूसरे को सतर्क किया और अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे। इस दौरान कुछ साहसी कर्मचारियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास भी किया, लेकिन आग की स्थिति को भांपते हुए तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में दमकल की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर रवाना हो गईं। दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए कड़ी मशक्कत शुरू की और करीब आधे घंटे के भीतर ही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग बुझाने के बाद दमकल टीम ने आसपास के हिस्सों की बारीकी से जांच की ताकि आग दोबारा न भड़क सके।

फैक्ट्री मालिक रमेश शर्मा ने बताया कि गनीमत यह रही कि इस भयंकर हादसे में किसी भी कर्मचारी को खरोंच तक नहीं आई और सभी को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया था। हालांकि, आग किन कारणों से लगी थी, इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मिलकर आग लगने के असली कारणों और उससे हुए नुकसान का आकलन करने में जुटे हुए हैं।

Related News

Share: