मीट एट आगरा में पहुंच छोटे व्यापारियों के लिए बड़ी घोषणा कर आए जिलाधिकारी मनीष बंसल

1,153 readers

छोटे उद्यमियों को एक्सपो और मेलों में स्टॉल लगाने पर मिलेगा सरकारी खर्च का रीइम्बर्समेंट: डीएम

आगरा में उद्योगों के विस्तार और अनुमतियों की प्रक्रिया हुई तेज, छोटे व्यापारियों को भी मिलेगा सरकारी प्रोत्साहन

- 'मीट एट आगरा' में जुटे दुनियाभर के खरीदार व विक्रेता, लेदर इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध

आगरा। ताजनगरी में एफमैक द्वारा आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय फुटवियर ट्रेड फेयर 'मीट एट आगरा' में देश-विदेश के प्रमुख खरीदारों (बायर्स) और विक्रेताओं (सेलर्स) का जमावड़ा लगा हुआ है। कार्यक्रम के दौरान आगरा के जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मेले का दौरा किया और स्थानीय उद्योग के विकास को लेकर प्रशासन का पक्ष रखा। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि आगरा अपने लेदर फुटवियर उद्योग के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता लोकल मैन्युफैक्चरर और उद्योगों को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि ताज़ ट्रपेज़ियम ज़ोन (टीटीजेड) से जुड़ी विभिन्न प्रकार की प्रशासनिक अनुमतियों और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए तेजी से कदम उठाए गए हैं। डीएम ने कहा, "मौजूदा उद्योगों के विस्तार और नई इकाइयों की स्थापना के लिए अनुमतियाँ देने की प्रक्रिया तेज की गई है। साथ ही जिले में नए इंडस्ट्रियल एरिया (औद्योगिक क्षेत्र) विकसित करने की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है।"

छोटे व्यापारियों और उद्यमियों के प्रोत्साहन पर बात करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की नीतियों के तहत छोटे उद्यमियों को बड़े मेलों व एक्सपो मार्ट्स में स्टॉल लगाने के लिए वित्तीय सहायता दी जाती है। स्टॉल के खर्च और यात्रा व्यय (किराया) का भुगतान सरकार द्वारा रीइम्बर्समेंट नीति के तहत वापस किया जाता है, जिससे छोटे कारोबारियों को वैश्विक मंच मिल सके।

Related News

Share: