दोस्तों संग जंगल गया शौकीन, गड्ढे में मिला शव; डॉग स्क्वायड ने खोला हत्या का राज
मथुरा। कोसीकलां थाना क्षेत्र के गांव बरका में एक युवक की हत्या कर शव जंगल में गड्ढा खोदकर दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार देर शाम तक युवक के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसके साथ जंगल गए तीन दोस्तों से पूछताछ की लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद तीनों युवक गांव से फरार हो गए। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए तीनों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से जंगल में तलाश कराई तो एक गड्ढे से युवक का शव बरामद हो गया। बताया जाता है पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया गया कि 28 वर्षीय शौकीन अपने तीन दोस्तों विष्णु लक्ष्मण और आशीष के साथ जंगल की ओर गया था। तीनों दोस्त तो वापस गांव लौट आए लेकिन शौकीन घर नहीं पहुंचा। देर शाम तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। परिजन तीनों दोस्तों के घर पहुंचे और शौकीन के बारे में जानकारी मांगी लेकिन आरोप है कि उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। इसके बाद तीनों युवक अचानक गांव से गायब हो गए। इससे परिजनों का शक और गहरा गया।
परिजनों ने शौकीन की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ युवक की तलाश शुरू कराई। देर रात पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से जंगल में तलाश कराई। पुलिस डॉग एक स्थान पर पहुंचकर रुक गया। वहां जमीन की जांच की गई तो गड्ढा मिला। खुदाई कराने पर शौकीन का शव बरामद हो गया।
कोसीकलां थाना प्रभारी कमलेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि चारों युवक जंगल में एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद शौकीन की हत्या कर उसके शव को गड्ढा खोदकर जमीन में दफना दिया गया।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर विष्णु, लक्ष्मण और आशीष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीनों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर घटना का पूरा खुलासा किया जाएगा। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और वारदात में इस्तेमाल किए गए साधनों के बारे में भी जांच कर रही है।