कतार में खड़ी आस, आंखों देखा मार्मिक घटनाक्रम अनुप्रिया की कलम से

651 readers

कहते हैं जुर्म की सज़ा सिर्फ उस शख्स को नहीं मिलती जिसने गुनाह किया है, बल्कि उसकी सज़ा उस पूरे परिवार को भुगतनी पड़ती है जो उससे जुड़े होते हैं। सज़ा होती है उस माँ को, जो हर त्यौहार पर दरवाज़े की तरफ उम्मीद भरी निगाहों से देखती है; सज़ा होती है उन अपनों को, जो घर की हर खुशी में उसकी कमी महसूस करते हैं। महीनों तक अपनों की एक झलक पाने का इंतज़ार करते-करते वे आँखें भी जैसे उस दर्द की गुनहगार बन जाती हैं।

यह एहसास तब और गहरा हो गया जब आज मैं एक कारागार के सामने से गुजर रही थी। आज 'भाई दूज' का पवित्र त्यौहार था। जेल के मुख्य द्वार के बाहर कई बहनों की लंबी कतारें लगी थीं। किसी की आँखों में भाई से मिलने की चमक थी, तो किसी की पलकों पर नम आँसू ठहरे हुए थे। हाथों में भाइयों के पसंद की मिठाइयाँ, चेहरे पर भाई को देखने की बेताबी और आँखों में उसे सलाखों के पीछे देखने का भारी ग़म—वहाँ खुशी और दुख का एक अनूठा और झकझोर देने वाला संगम दिखाई दे रहा था।

उसी भीड़ के बीच एक महिला पर मेरी नज़र ठहर गई। पहनावे से वह किसी ग्रामीण आँचल की सीधी-सादी महिला लग रही थी। उसके चेहरे पर हताशा और उत्साह का अजीब मेल था। भाई से मिलने की बेताबी में वह सब कुछ भूलकर सीधे अंदर की तरफ़ बढ़ने लगी।

तभी गेट पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी ने कहा ," अरे ! रुकिए, आप बिना परमिशन के अंदर नहीं जा सकतीं। "

पुलिसकर्मी की उस आवाज़ पर वो महिला जरा सहम गई। उसने कांपते हुए हाथों से अपनी साड़ी का पल्लू सँभाला और माफी मांगने लगी।

शायद वो बहुत बेसब्री से इस त्यौहार का इंतजार कर रही होगी और भाई से मिलने की खुशी में वो बहन भूल गई कि जेल के कुछ कायदे कानून भी होते हैं,,,या उसे नहीं पता था कि बचपन में जिस भाई से लड़ा- झगड़ा करती थी , बात -बात पर उससे डांट दिया करती थी, आज उससे मिलने के लिए उसे कतार में लग कर इंतजार करना पड़ेगा।

उसके सीधेपन ने वहाँ मौजूद महिला पुलिसकर्मी का भी दिल पिघला दिया। उसने आगे बढ़कर उस ग्रामीण महिला को समझाया कि बिना लिखा-पढ़ी के अंदर जाना मुमकिन नहीं है और उसे कतार के नियमों की जानकारी दी।

मैं वहीं कुछ पलों के लिए ठहर गई , अंदर क्या हुआ होगा, भाई-बहन की वह मुलाकात कैसी रही होगी , पता नहीं,,,। मैं बस वो मायूस चेहरे, वो लंबा इंतज़ार, और आँखों में समंदर लिए उन बहनों की कतार देखती रही और फिर वहाँ से चुपचाप निकल आई।

वहाँ से निकलते हुए मुझे महसूस हुआ कि ये त्यौहार सिर्फ खुशियों का पैगाम नहीं लाते, बल्कि कई लोगों के हिस्से में सिर्फ लंबा इंतज़ार और आँखों में आँसू ही छोड़ जाते हैं।

-अनुप्रिया त्रिपाठी

Related News

Share: