रोटावेटर का खौफनाक मंजर: ट्रैक्टर से खेत जोत रहे मजदूर के शरीर के हुए 20 टुकड़े, परिवार में मचा कोहराम

131 readers

सिकंदरपुर वैश्य । थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ी में शनिवार दोपहर दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हुआ। खेत में ट्रैक्टर से सरसों की बोआई के लिए जुताई कर रहे 40 वर्षीय मजदूर अचानक रोटावेटर की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि रोटावेटर में फंसने से मजदूर के शरीर के लगभग 20 टुकड़े हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बडोला निवासी अजीत तोमर (40) पुत्र ओमप्रकाश सिंह तोमर शनिवार सुबह अपने घर से मजदूरी करने निकले थे। वह थाना क्षेत्र सिकंदरपुर वैश्य के ही ग्राम गढ़ी निवासी बब्लेश पुत्र कृपाल के खेत पर सरसों बोने के लिए ट्रैक्टर से जुताई का काम कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे जब अजीत तोमर ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहे थे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया या किसी तकनीकी कारण से वह चलते हुए रोटावेटर की चपेट में आ गए। पलक झपकते ही वह रोटावेटर की ब्लेडों के बीच फंस गए, जिससे उनका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने जब तक माजरा समझा, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

हादसे की खबर जैसे ही अजीत तोमर के पैतृक गांव बडोला पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी अंजलि तोमर का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे सात साल का बेटा माधव, छह साल की बेटी परी और एक तीन साल के सबसे छोटे बेटे को रोता-बिलखता छोड़ गया है। कमाने वाले इकलौते सहारे की इस तरह अचानक हुई दर्दनाक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

सूचना मिलते ही थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रोटावेटर में फंसे शव के टुकड़ों को एकत्र कर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम गृह भेज दिया है। पुलिस मामले की अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Related News

Share: