पिंक बेल्ट ने शुरू किया महिला सहायता केंद्र
महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क कानूनी सलाह, स्वास्थ्य जाँच, काउंसलिंग और थेरेपी की सुविधा
आगरा। महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में पिछले आठ वर्षों से कार्यरत संस्था पिंक बेल्ट मिशन ने महिलाओं की सहायता के लिए एक नई पहल करते हुए आगरा के बाग फरज़ाना में महिला सहायता केंद्र की शुरुआत की है। ज़ूडियो स्टोर के नीचे बेसमेंट में स्थापित इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को निःशुल्क कानूनी परामर्श, स्वास्थ्य जाँच, काउंसलिंग और थेरेपी की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसका उद्देश्य घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, वैवाहिक विवाद, अलगाव, तलाक, पारिवारिक समस्याओं और मानसिक तनाव से जूझ रही महिलाओं को सहायता, मार्गदर्शन और भावनात्मक संबल प्रदान करना है।
पिंक बेल्ट मिशन अब तक देशभर में लगभग 1.76 लाख लड़कियों को महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा से संबंधित प्रशिक्षण दे चुका है। संस्था ने महिला पावरलाइन 1090, महिला आयोग, राजस्थान महिला एवं बाल कल्याण विभाग तथा उत्तराखंड सहित विभिन्न संस्थानों, स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के साथ मिलकर महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए कार्य किया है।

प्रत्येक माह तीन विशेष सेवाएँ
महिला सहायता केंद्र में महिलाओं की सुविधा के लिए प्रत्येक माह अलग-अलग रविवार को तीन प्रमुख सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी।
पहला रविवार — निःशुल्क कानूनी परामर्श: घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, वैवाहिक विवाद, अलगाव, तलाक तथा महिलाओं के अधिकारों से जुड़े मामलों में कानूनी सलाह दी जाएगी। आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को उनकी परिस्थितियों के अनुसार आगे की सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास भी किया जाएगा।
दूसरा रविवार — निःशुल्क काउंसलिंग एवं थेरेपी: अवसाद, मानसिक तनाव, भावनात्मक आघात, ब्रेकअप, तलाक, पारिवारिक विवाद, बच्चों से संबंधित समस्याओं और जीवन की अन्य कठिन परिस्थितियों से गुजर रही महिलाओं को काउंसलिंग एवं भावनात्मक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
तीसरा रविवार — निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर: महिलाओं के लिए सामान्य स्वास्थ्य जाँच शिविर आयोजित किए जाएँगे। शिविर में चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा तथा आवश्यकता के अनुसार सामान्य दवाइयाँ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यालय आने में असमर्थ महिलाएँ भी ले सकेंगी सहायता
पिंक बेल्ट मिशन ने स्पष्ट किया है कि जो महिलाएँ व्यक्तिगत रूप से केंद्र तक नहीं पहुँच सकतीं, वे ऑनलाइन माध्यम से भी सहायता प्राप्त कर सकती हैं। इसके लिए वे 6399799997 पर व्हाट्सऐप संदेश भेजकर अपनी समस्या साझा कर सकती हैं। संस्था के इंस्टाग्राम और फेसबुक पेज के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है।
संस्था का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा सुरक्षित मंच उपलब्ध कराना है, जहाँ वे बिना झिझक अपनी समस्याएँ साझा कर सकें और उचित मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें। पिंक बेल्ट मिशन ने जरूरतमंद महिलाओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न, मानसिक तनाव या पारिवारिक समस्या का सामना करने पर सहायता लेने के लिए आगे आएँ।
नई टीम को सौंपी गई जिम्मेदारियाँ
महिला सहायता केंद्र के संचालन के लिए विभिन्न क्षेत्रों में जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। आशा सिंह को काउंसलिंग एवं थेरेपी प्रमुख तथा पायल चौहान को कानूनी परामर्श प्रमुख नियुक्त किया गया है। आरती सिसोदिया स्वास्थ्य जाँच शिविरों की जिम्मेदारी संभालेंगी करिश्मा वर्मा को मीडिया संबंधी जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं, डिम्पल को डेटा कलेक्शन व नेहा चितोड़िया, कौशाम्बी सिंह, श्वेता जैन को मुख्य कॉर्डिनेटर बनाया गया । अंजलि, नीतू सिंह, चांदनी सिंह अंशिका दुबे और बुलबुल परिहार भी संस्था के कार्यों में अपनी भूमिका निभाएँगी।
इस अवसर पर पिंक बेल्ट मिशन की संरक्षक मानसी चन्द्रा , पिंक बेल्ट फाउंडेशन की फाउंडेशन की निदेशक मोनिका गोयल, पिंक बेल्ट मिशन की अध्यक्ष मनीषा ठाकुर और पिंक बेल्ट मिशन की संस्थापक अपर्णा राजावत उपस्थित रहीं। सभी ने नई टीम को शुभकामनाएँ दीं और महिलाओं की सहायता, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए मिलकर काम करने का संकल्प व्यक्त किया।

भारत से अमेरिका तक बढ़ रहा है मिशन का दायरा
पिंक बेल्ट मिशन के कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने के उद्देश्य से वर्ष 2024 में अमेरिका में Friends of Pink Belt Mission नाम से संगठन का गठन किया गया। इस पहल में शेली मिलर और लिडा फ्रैंकल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अमेरिका में 35 महिलाएँ इस मिशन से जुड़ चुकी हैं और भारत में जरूरतमंद महिलाओं की सहायता के लिए अपना योगदान देने के लिए तत्पर हैं।
संस्था की योजना भविष्य में भारत के विभिन्न हिस्सों में ऐसे और सहायता केंद्र स्थापित करने की है, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को कानूनी, स्वास्थ्य एवं मानसिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
पिंक बेल्ट मिशन की संस्थापक अपर्णा राजावत ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए केवल सुरक्षा प्रशिक्षण देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जरूरत के समय उन्हें कानूनी मार्गदर्शन, स्वास्थ्य सेवाएँ और भावनात्मक सहयोग मिलना भी जरूरी है। महिला सहायता केंद्र इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। संस्था का प्रयास है कि कोई भी महिला अपनी समस्या के साथ अकेली न रहे और उसे सम्मानपूर्वक सहायता प्राप्त करने का अवसर मिले।
पिंक बेल्ट मिशन ने समाज के जागरूक नागरिकों, विशेषज्ञों, डॉक्टरों, वकीलों और स्वयंसेवकों से भी इस अभियान से जुड़ने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाओं तक सहायता पहुँचाई जा सके।
संपर्क: 6399799997
स्थान: पिंक बेल्ट महिला सहायता केंद्र, बाग फरज़ाना, ज़ूडियो स्टोर के नीचे, बेसमेंट, आगरा।