आगरा: अर्जुन नगर में भीषण सड़क हादसा, पानी के टैंकर ने बाइक सवार युवक-युवती को कुचला, दोनों की मौके पर मौत
आगरा। ताजनगरी के अर्जुन नगर इलाके में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। जावित्री देवी हॉस्पिटल के सामने नगर निगम के पानी के टैंकर ने बाइक सवार युवक और युवती को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
टैंकर के पहिए के नीचे आए बाइक सवार
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 11:45 बजे अर्जुन नगर में पानी का टैंकर और यामाहा बाइक आमने-सामने आ गए। टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिर पड़े और टैंकर के पहियों की चपेट में आ गए। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे की भयावहता देखकर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना थाना शाहगंज क्षेत्र की सराय ख्वाजा पुलिस चौकी के अंतर्गत हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस बाइक नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान करने में जुटी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर में भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।