सलमान थे पहला निशाना, नाकाम प्लान के बाद टाइगर श्रॉफ पर साधा निशाना!

223 readers

मुंबई। टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले की जांच में मुंबई पुलिस के सामने बॉलीवुड सितारों को निशाना बनाने की कथित साजिश से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शूटरों का शुरुआती टारगेट सलमान खान थे, लेकिन योजना सफल नहीं होने पर उन्हें कम सुरक्षा वाले दूसरे बॉलीवुड सितारे की तलाश करने के निर्देश दिए गए। जांच में अमिताभ बच्चन, आमिर खान और अक्षय कुमार के घरों की रेकी किए जाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी करीब 20 दिन पहले मुंबई पहुंचे थे। उन्होंने खुद को आम प्रशंसक बताकर शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमना शुरू किया। सितारों के घरों के बाहर तस्वीरें खिंचवाने और मुंबई दर्शन के बहाने वे संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रहे थे। इस दौरान ऑटो-रिक्शा के साथ एक आरोपी की रैपिडो बाइक का भी इस्तेमाल किया गया। जांच से जुड़े सूत्रों का दावा है कि शूटरों ने अमिताभ बच्चन, आमिर खान और अक्षय कुमार के घरों की भी रेकी की थी। कथित तौर पर उनका मकसद यह पता लगाना था कि किस अभिनेता तक पहुंचना आसान है और किसकी सुरक्षा अपेक्षाकृत कमजोर है। हालांकि, फिलहाल इन तीनों सितारों को हमले के लिए अंतिम रूप से चुने जाने की पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसी दौरान एक ऑटो चालक से शूटरों को जानकारी मिली कि टाइगर श्रॉफ हर रविवार जुहू के एक मैदान में फुटबॉल खेलने आते हैं। इसके बाद कथित तौर पर शूटरों का ध्यान टाइगर पर केंद्रित हो गया।जांच में 11 अक्टूबर को जुहू के संबंधित मैदान के आसपास आरोपियों की मौजूदगी की जानकारी सामने आई है। पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज को भी इस पड़ताल का हिस्सा बताया जा रहा है। हालांकि, उस दिन टाइगर श्रॉफ मैदान में नहीं आए थे।

मामले की टाइमलाइन में 17 अक्टूबर की तारीख भी अहम है। दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपियों को इसी दिन हथियार मिले थे, जबकि टाइगर श्रॉफ पर कथित हमला 18 अक्टूबर को हुआ। ऐसे में 11 अक्टूबर को मैदान के आसपास आरोपियों की मौजूदगी को शुरुआती रेकी से जोड़कर देखा जा रहा है।फिलहाल, मामले में सामने आई इन जानकारियों की जांच जारी है। सलमान खान को शुरुआती निशाना बनाने और दूसरे सितारों की रेकी से जुड़े दावों की पुष्टि जांच एजेंसियों के निष्कर्षों के आधार पर ही होगी।

Related News

Share: