मंच पर उतरे कान्हा, बाल लीलाओं से महाभारत तक गूंज उठी कृष्ण भक्ति!

407 readers

वृंदावन। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर महाभारत के महानायक और गीता के उपदेशक तक की दिव्य यात्रा रविवार को वृंदावन के स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में मंच पर साकार हुई। ब्रजरज उत्सव के अंतर्गत लोकप्रिय अभिनेता सौरभ राज जैन की नाट्य प्रस्तुति ‘मेरे कृष्ण’ ने दर्शकों को श्रीकृष्ण के जीवन के विविध प्रसंगों की प्रस्तुति से भावविभोर कर दिया।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित ब्रजरज उत्सव के इस मंचन में करीब 20 भव्य दृश्यों के माध्यम से श्रीकृष्ण के जीवन की विभिन्न लीलाओं और महत्वपूर्ण प्रसंगों को भक्ति, भावनाओं, संगीत और आधुनिक रंगमंचीय तकनीक के संगम से सजी इस प्रस्तुति में भगवान श्रीकृष्ण के व्यक्तित्व और उनके जीवन दर्शन को साकार किया गया।धारावाहिक ‘महाभारत’ में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाकर पहचान बनाने वाले सौरभ राज जैन ने एक बार फिर अपने अभिनय से वृंदावन में दर्शकों को कृष्ण स्वरूप के दर्शन कराए।130 से अधिक कलाकारों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने अपनी कला के माध्यम से मंच पर श्रीकृष्ण की लीलाओं को जीवंत किया। भव्य मंच सज्जा, विशेष प्रकाश व्यवस्था, मनमोहक संगीत और प्रभावशाली दृश्य संयोजन ने प्रस्तुति को आकर्षक बनाया।

प्रस्तुति में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका सौरभ राज जैन ने निभाई। महामाया और श्रीराधा के रूप में पूजा शर्मा ने अभिनय किया, जबकि अर्पित रांका ने कंस और दुर्योधन की दोहरी भूमिका प्रस्तुत की। कलाकारों की भावपूर्ण अभिव्यक्ति और संगीत के साथ प्रकाश संयोजन ने विभिन्न प्रसंगों के प्रभाव को और गहरा किया। मंच पर श्रीकृष्ण के जीवन के विविध रूपों और लीलाओं की प्रस्तुति ने दर्शकों को ब्रज की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा से जोड़ा।

इस तरह ‘मेरे कृष्ण’ में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों, उनके दर्शन और जीवन मूल्यों को रंगमंच पर अभिव्यक्त किया गया। अभिनय, संगीत और तकनीकी भव्यता के समन्वय से सजी इस प्रस्तुति ने भारतीय अध्यात्म और ब्रज की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की।

Related News

Share: