140 फीट ऊंचा होगा जनक महल: सजावट में दिखेगी मिथिला की आस्था और राजस्थान का राजसी वैभव
आगरा की भावना एस्टेट रोड पर सजने जा रही जनकपुरी के जनक महल का गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एमएलसी विजय शिवहरे, महापौर हेमलता दिवाकर, डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल और श्रीरामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न इस भूमि पूजन के दौरान हवन हुआ, जिसके बाद राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल, रानी कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल, राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल एवं रानी सुनैना के स्वरूप लता गोयल समेत आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने आरती की।
ऐतिहासिक भव्यता और अनूठा संगम
जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) ने बताया कि इस बार जनक महल को ऐतिहासिक भव्यता दी जा रही है। इसकी ऊंचाई 140 फीट और चौड़ाई लगभग 280 से 300 फीट होगी। महल के सातों शिखरों पर लहराते भगवा धर्म ध्वज पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बनाएंगे और दूर से ही श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगे।
जनक महल के निर्माण की जिम्मेदारी पुरुषोत्तम टेंट हाउस से जुड़ी फर्म को दी गई है, जिसके लिए कोलकाता से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं। इसकी वास्तुकला नेपाल स्थित प्रसिद्ध जानकी महल की तर्ज पर तैयार की जानी थी, लेकिन अंतिम स्वरूप में उदयपुर और जयपुर के राजमहलों की राजस्थानी वास्तुकला तथा शाही वैभव को भी शामिल किया गया है। इस प्रकार, जनक महल में मिथिला की धार्मिक परंपरा, नेपाल की वास्तुकला और राजस्थान की राजसी छटा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
आकर्षक फव्वारे और वाटरप्रूफ व्यवस्था
महल की भव्यता को आकर्षक फव्वारों और रंग-बिरंगी प्रकाश व्यवस्था से और अधिक निखारा जाएगा। रात के समय रोशनी और फव्वारों की सजावट विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा, भगवान श्रीराम, माता सीता सहित अन्य स्वरूपों के विराजमान होने वाले स्थान को पूरी तरह वाटरप्रूफ बनाया जाएगा। भावना एस्टेट रोड पर 6 से 8 अक्टूबर को यह जनकपुरी सजाई जाएगी।