फतेहपुर सीकरी में 8.65 करोड़ रुपये की लागत से साउंड एंड लाइट शो शुरू होने जा रहा है। शुरुआत में मुफ्त एंट्री मिलेगी, बाद में भारतीयों के लिए 50 रुपये टिकट प्रस्तावित है।

7,091 readers

आगरा: ताजनगरी आगरा के ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों में शामिल फतेहपुर सीकरी घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। यहां जल्द ही साउंड एंड लाइट शो की शुरुआत होने जा रही है। खास बात यह है कि शुरुआत में पर्यटकों को इस शो का आनंद लेने के लिए कोई टिकट नहीं खरीदना होगा। प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा जाएगा। हालांकि, कुछ समय बाद इस शो के लिए टिकट व्यवस्था लागू की जाएगी।

8.65 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ प्रोजेक्ट

फतेहपुर सीकरी के दीवान-ए-आम में साउंड एंड लाइट शो शुरू करने की योजना तैयार की गई है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर करीब 8.65 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) और पर्यटन विभाग की ओर से इसे तैयार कराया गया है।

इस शो के जरिए पर्यटकों को फतेहपुर सीकरी के गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराया जाएगा। प्रोजेक्शन मैपिंग, होलोग्राम और लेजर लाइट जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। करीब 20 से 22 मिनट के इस शो में इतिहास को बेहद आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा।

अकबर से पहले का इतिहास भी आएगा नजर

इस शो की सबसे खास बात यह है कि इसमें सिर्फ मुगल बादशाह अकबर के दौर की कहानी नहीं दिखाई जाएगी, बल्कि फतेहपुर सीकरी के उससे भी पुराने इतिहास को सामने लाया जाएगा।

शो में बाबर के यहां पड़ाव डालने, अकबर द्वारा फतेहपुर सीकरी को अपनी राजधानी बनाने और पानी की कमी के कारण राजधानी छोड़ने तक की कहानी दिखाई जाएगी।

इसके अलावा बुलंद दरवाजा, पंचमहल और हिरन मीनार जैसी ऐतिहासिक इमारतों की स्थापत्य कला और विशेषताओं को भी आधुनिक तकनीक के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा।

बीर छबीली टीला के उत्खनन में मिले प्राचीन पुरावशेषों और जैन धर्म से जुड़े ऐतिहासिक साक्ष्यों को भी शो का हिस्सा बनाया जाएगा।

पहले मुफ्त, बाद में 50 रुपये का टिकट

आगरा विकास प्राधिकरण ने इस बार पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए अलग रणनीति अपनाई है। शुरुआत में शो को पूरी तरह निशुल्क रखा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक और स्थानीय लोग इसका अनुभव ले सकें।

प्रशासन की योजना के मुताबिक, बाद में भारतीय पर्यटकों के लिए 50 रुपये और विदेशी पर्यटकों के लिए 150 रुपये का टिकट निर्धारित किया जा सकता है।

दरअसल, आगरा किला और शहीद स्मारक में आयोजित साउंड एंड लाइट शो को लेकर मिले पिछले अनुभवों के बाद यह फैसला लिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि शुरुआत में मुफ्त प्रवेश देने से शो को लोकप्रिय बनाने में मदद मिलेगी।

रात्रि पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

फतेहपुर सीकरी यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है, लेकिन आगरा आने वाले पर्यटकों का एक बड़ा हिस्सा यहां तक नहीं पहुंच पाता। ऐसे में साउंड एंड लाइट शो शुरू होने से पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

इससे न सिर्फ पर्यटकों को इतिहास जानने का नया अनुभव मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन कारोबार को भी फायदा पहुंच सकता है।

Related News

कमला नगर में चक्रवर्ती की भव्य दिग्विजय यात्रा में गूंजे जयकारे, भक्ति और उत्साह के साथ निकली शोभायात्रा-सौधर्म इंद्र के रूप में पत्नी रेनू जैन संग श्वेत रथ पर सवार हुए सांसद नवीन जैन, उनके छोटे भाई चक्रेश जैन ने निभाई भरत चक्रवर्ती की भूमिका*

23 Nov 2026

Share: