कमला नगर में चक्रवर्ती की भव्य दिग्विजय यात्रा में गूंजे जयकारे, भक्ति और उत्साह के साथ निकली शोभायात्रा-सौधर्म इंद्र के रूप में पत्नी रेनू जैन संग श्वेत रथ पर सवार हुए सांसद नवीन जैन, उनके छोटे भाई चक्रेश जैन ने निभाई भरत चक्रवर्ती की भूमिका*

432 readers

आगरा-देश की शांति, विश्व कल्याण और राष्ट्रसेवा की मंगलकामना के संकल्प के साथ डी-ब्लॉक, कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं सिद्धचक्र महामंडल विधान महोत्सव के छठवें दिन धार्मिक आस्था,भक्ति और उल्लास का विशेष वातावरण देखने को मिला।अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर पीएनसी परिवार, आगरा द्वारा राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें निरंतर शक्ति, ऊर्जा एवं सामर्थ्य प्राप्त होने की मंगलकामना की गई। इसी क्रम में भगवान महावीर के अहिंसा, शांति और विश्व बंधुत्व के संदेश के साथ देश और संपूर्ण विश्व में सुख-समृद्धि एवं सद्भावना की प्रार्थना की गई।प्रातःकाल पूज्य मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनि श्री सुप्रभात सागर जी महाराज के ससंघ मंगल सान्निध्य तथा प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं डॉ. आकाश जैन के निर्देशन में श्री आदिनाथ भगवान का अभिषेक और विशेष शांतिधारा संपन्न हुई।इसके पश्चात विधि- विधान से पूजन-अर्चना की गई।धार्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने अपनी धर्मपत्नी रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र के रूप में सहभागिता की। उन्होंने परिवार एवं अन्य इंद्र-इंद्राणियों के साथ विधान मंडल पर अष्टद्रव्य अर्पित कर अर्घ्य समर्पित किए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और ऊर्जावान जीवन के साथ उनके निरंतर राष्ट्रसेवा करते रहने की मंगलकामना की गई।महोत्सव का प्रमुख आकर्षण पूरे उत्तर प्रदेश में पहली बार निकाली गई चक्रवर्ती की भव्य दिग्विजय शोभायात्रा रही। इस ऐतिहासिक आयोजन में सांसद नवीन जैन के छोटे भाई चक्रेश जैन ने भरत चक्रवर्ती का स्वरूप धारण कर उनकी भूमिका निभाई। भरत चक्रवर्ती के रूप में उनका विशेष आकर्षण श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का केंद्र रहा। वहीं, सौधर्म इंद्र के रूप में सांसद नवीन जैन अपनी धर्मपत्नी रेनू जैन के साथ विशेष श्वेत रथ पर सवार होकर शोभायात्रा में शामिल हुए।भव्य शोभायात्रा में सबसे आगे दो व्यक्ति बैनर लेकर चल रहे थे। उनके पीछे नगाड़ा वादक के साथ सुसज्जित ऊंट, दो जैन ध्वजवाहक तथा वर्दीधारी संचालकों के साथ पांच सुंदर सजी-धजी घोड़ियां शामिल रहीं। इसके अलावा एक अन्य नगाड़ा वादक, ढोल दल, बच्चों की आकर्षक झांकी और बुआओं की झांकी ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया।शोभायात्रा में छह मंचीय झांकियां, एक डीजे वाहन और अनेक बैंड दल शामिल रहे। श्रीजी का भव्य रथ, पूज्य महाराजश्री का ससंघ विहार और 12 छत्रधारी भी शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे। ढोल-नगाड़ों की गूंज, बैंड की मधुर धुनों और भक्ति के उल्लास के बीच बड़ी संख्या में जैन समाज के लोगों ने जयकारों के साथ सहभागिता की|शोभायात्रा श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर चक्रेश जैन जी की कोठी, सी-ब्लॉक, श्रीराम मंदिर और टंकी रोड होते हुए डी-ब्लॉक की ओर से पुनः मुख्य पंडाल पहुंची। पूरे यात्रा मार्ग पर व्यापारी वर्ग, श्रद्धालुओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा जगह-जगह शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ इस धार्मिक आयोजन में भाग लिया। जयकारों और भक्ति के उल्लास से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। मुख्य पंडाल पहुंचने पर भरत चक्रवर्ती का स्वरूप निभा रहे श्री चक्रेश जैन ने किमिच्छतदान देकर दिग्विजय उत्सव की परंपरा को साकार किया। इस प्रसंग के माध्यम से दान, त्याग, परोपकार और लोककल्याण की भावना का संदेश दिया गया।शोभायात्रा के साथ आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में चक्रेश जैन ने भरत चक्रवर्ती के जन्म से विवाह तक की लीलाओं का आकर्षक मंचन प्रस्तुत किया।इसके अलावा भगवान ऋषभदेव का वैराग्य, चक्ररत्न की उत्पत्ति और भगवान के केवलज्ञान जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों को भी मंच पर जीवंत किया गया। भरत चक्रवर्ती के जीवन प्रसंगों और जैन धर्म की परंपराओं पर आधारित इन प्रस्तुतियों को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पंडाल भगवान के जयकारों से गूंजता रहा।इस अवसर पर मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में जीवन की दिशा और दशा को मनुष्य के ज्ञान एवं अज्ञान से जोड़ते हुए आत्मचिंतन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य संसार में स्वयं को ज्ञानी समझता है, लेकिन अपने दुखों के वास्तविक कारण को पहचान नहीं पाता। अनेक लोग यह मानते हैं कि उनके जीवन में जो कुछ हो रहा है, वह किसी बाहरी सत्ता अथवा ईश्वर की इच्छा से नियंत्रित है। मुनि श्री ने कठपुतली का उदाहरण देते हुए समझाया कि यदि मनुष्य का हर कार्य किसी दूसरी सत्ता के नियंत्रण में है, तो फिर उसके स्वयं के अस्तित्व और पुरुषार्थ का क्या महत्व रह जाता है? उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रेरित किया कि वे अपने जीवन की दिशा और निर्णयों को समझें तथा अज्ञानता से बाहर निकलकर सत्य को पहचानने का प्रयास करें। उनके प्रवचन ने उपस्थित लोगों को अपने जीवन और कर्मों के प्रति जागरूक होकर विचार करने की प्रेरणा दी। इस नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन का संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। कार्यक्रम में पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन, योगेश जैन, जगदीश प्रसाद जैन, यशपाल जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मेश जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, पलक जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन, रश्मि जैन, अंकिता जैन एवं आयुषी जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर शुभम जैन एवं राहुल जैन सकल दिगंबर जैन समाज कमला नगर के पदाधिकारी, महिला मंडल, युवा वर्ग, आगरा के जैन संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related News

Share: