UPPCS 2025: इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द; अब दोबारा होगी मुख्य परीक्षा

9,912 readers

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की PCS भर्ती परीक्षा 2025 को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने UPPCS प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) का घोषित परिणाम रद्द करते हुए आयोग को नए सिरे से मेरिट लिस्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही संशोधित परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा (Mains) दोबारा आयोजित कराने का आदेश दिया है।

आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को लेकर था विवाद

दरअसल, यह पूरा मामला आरक्षण और मेरिट में माइग्रेशन के नियमों से जुड़ा हुआ था। याचिकाकर्ताओं का आरोप था कि आरक्षित वर्ग के कई अभ्यर्थियों ने सामान्य वर्ग (General Category) के कटऑफ से अधिक अंक हासिल किए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अनारक्षित श्रेणी की मेरिट लिस्ट में शामिल नहीं किया गया।

हाईकोर्ट ने क्या कहा?

न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने स्पष्ट किया कि अनारक्षित श्रेणी सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए खुली है। केवल सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों तक इसे सीमित नहीं किया जा सकता। मेरिट के आधार पर सफल आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को भी अनारक्षित श्रेणी में जगह मिलनी चाहिए।

हजारों अभ्यर्थियों पर पड़ेगा असर

UPPCS 2025 भर्ती के लिए कुल 814 पदों पर चयन होना है। प्रारंभिक परीक्षा में सफल 11,727 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चुना गया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी थी।

हाईकोर्ट के फैसले के बाद अब आयोग को नए सिरे से मेरिट लिस्ट तैयार करनी होगी। संशोधित परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू की प्रक्रिया दोबारा पूरी की जाएगी।

क्या प्री परीक्षा भी दोबारा होगी?

नहीं। कोर्ट के आदेश का मतलब प्रारंभिक परीक्षा दोबारा कराना नहीं है। पहले से आयोजित परीक्षा के अंकों के आधार पर संशोधित मेरिट लिस्ट जारी होगी। इसके बाद मुख्य परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी।

यह फैसला उन हजारों अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जो लंबे समय से UPPCS 2025 के अंतिम परिणाम का इंतजार कर रहे थे।

Related News

Share: