शराब, मारपीट और तंगी से तंग पत्नी ने की पति की हत्या, खीर में मिलाई थीं गोलियां

5 readers

द हुक: आगरा के बहुचर्चित सुरेंद्र शर्मा हत्याकांड में पुलिस पूछताछ के बाद यह साफ हो गया है कि आरोपी पत्नी रूबी ने यह कदम किसी प्रेम प्रसंग में नहीं, बल्कि पति की शराब की लत, रोज की बर्बर पिटाई और घर की तंगी से तंग आकर उठाया।

द इम्पैक्ट: खुलासे के मुताबिक, सुरेंद्र पिछले 6 साल से कोई काम नहीं कर रहा था और घर बर्बाद कर चुका था; घटना के दिन भी वह भरतपुर में रिश्तेदारों से झगड़ा करके लौटा था, जिसके बाद रूबी ने खीर बनाकर उसमें नींद की गोलियां मिला दीं और हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफन कर दिया।

द एक्शन: डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के अनुसार, पुलिस अब इस बात की जांच के लिए 'क्राइम सीन' का री-क्रिएशन (दौहराव) कर सकती है कि क्या एक अकेली महिला ने इतने भारी वजन के शव को खुद अकेले बाथरूम में दफनाया या इस साजिश में कोई और भी शामिल था?

आगरा। ताजनगरी के इस सनसनीखेज मामले में पहले पुलिस को किसी दूसरे के शामिल होने या प्रेम प्रसंग का अंदेशा था, लेकिन आरोपी रूबी शर्मा से हुई गहन पूछताछ में हत्या की असली वजह 'शराब, पिटाई और गुस्सा' निकलकर सामने आई है।

खीर में दीं गोलियां, रिश्तेदारों से लड़कर आया था पति

मोहल्ले वालों और पुलिस जांच के अनुसार, मृतक सुरेंद्र पिछले 6 साल से पूरी तरह बेरोजगार था। 16 मई को वह भरतपुर में अपने मामा के घर भी झगड़ा करके आया था, जिससे बच्चे भी परेशान थे। घटना वाले दिन जब सुरेंद्र घर लौटा, तो उसने रूबी से फिर झगड़ा शुरू कर दिया। रूबी ने मन में ठान लिया था कि वह अब यह जुल्म नहीं सहेगी। उसने पति के लिए खाने में मीठी खीर बनाई और उसमें नींद की गोलियां मिला दीं। जब सुरेंद्र अचेत हो गया, तो उसकी हत्या कर दी गई।

क्राइम सीन का होगा री-क्रिएशन

शातिर महिला ने इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए घर के बाथरूम में गड्ढा खोदा और उसे दफन कर दिया। अगली सुबह जब मामा के घर से फोन आया और पुलिस की दबिश की भनक लगी, तो उसने अपनी बेटियों को जेठ के घर भेज दिया। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस इस मामले में किसी भी चूक से बचने के लिए वैज्ञानिकों की टीम के साथ मृतक के वजन और लंबाई का पुतला बनाकर क्राइम सीन को दोहराएगी। इसके अलावा फॉरेंसिक लैब को भी पत्र लिखा गया है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।

Related News

Share: