ताज ही नहीं, आगरा की हर गली एक कहानी है! जिला प्रशासन ने शुरू की 'मेरी नज़र से आगरा' ऑनलाइन फ़ोटोग्राफी प्रतियोगिता
आगरा। आगरा सिर्फ दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल का शहर नहीं है, बल्कि यह एक जीवंत संस्कृति, प्राचीन परंपराओं, शिल्प और हुनर की वो मुकम्मल दास्तान है जो यहाँ की हर गली में धड़कती है. ताजनगरी के इसी छिपे हुए हुस्न और अनछुए पहलुओं को दुनिया के सामने लाने के लिए जिला प्रशासन ने एक बेहद खूबसूरत पहल की है. जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल के कुशल नेतृत्व में "मेरी नज़र से आगरा" ऑनलाइन फ़ोटोग्राफ़ी प्रतियोगिता का भव्य शुभारम्भ किया गया है.

इस अनोखी मुहिम के जरिए शहर के आम नागरिकों, शौकिया फोटोग्राफरों और प्रोफेशनल्स को अपने नजरिए से आगरा की खूबसूरती को कैमरे में कैद करने का एक शानदार मौका मिल रहा है.
ताजमहल से बटेश्वर तक: आपके कैमरे से दिखेगी आगरा की असल पहचान
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने इस प्रतियोगिता की भावना को साझा करते हुए कहा, "आगरा केवल ताजमहल ही नहीं, बल्कि जीवंत संस्कृति, शिल्प और परम्पराओं का नगर है। यह प्रतियोगिता नागरिकों को अपने शहर को अपनी अनूठी दृष्टि से दिखाने का एक बेहतरीन अवसर देगी।"
प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागी आगरा नगर से लेकर फ़तेहपुर सीकरी, सिकंदरा, बाह-बटेश्वर के प्राचीन मंदिरों और चम्बल के प्राकृतिक अंचलों तक की तस्वीरें साझा कर सकते हैं. इसमें शहर या ग्रामीण अंचल की सुंदरता, तीज-त्योहार, हस्तशिल्प, स्थानीय जनजीवन और ऐतिहासिक इमारतों को अपने कैमरे के जरिए एक नई अभिव्यक्ति दी जा सकती है.
विजेताओं को मिलेगा जिलाधिकारी से सम्मान, वेबसाइट पर चमकेगा नाम
इस प्रतियोगिता में शामिल होना बेहद आसान है और इसके लिए कोई फीस नहीं है. चयनित होने वाली सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों के विजेताओं को खुद जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा. इसके साथ ही, आपकी खींची हुई खूबसूरत तस्वीर को आपके नाम के साथ आगरा जनपद की आधिकारिक वेबसाइट (agra.nic.in) पर हमेशा के लिए प्रदर्शित किया जाएगा.
प्रतियोगिता में भाग लेने के नियम और शर्तें:
मौलिकता जरूरी: भेजी गई फोटो आपकी खुद की खींची हुई (ओरिजिनल) होनी चाहिए. इंटरनेट या किसी अन्य जगह से कॉपी की गई फोटो स्वीकार नहीं की जाएगी.
कैप्शन और विवरण: हर फोटो के साथ अधिकतम 30 शब्दों का एक सुंदर विवरण (कैप्शन) लिखना होगा. साथ ही अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखना अनिवार्य है.
स्वामित्व आपका ही रहेगा: फोटो भेजने का मतलब यह है कि जिला प्रशासन इसका गैर-व्यावसायिक और जनहित में उपयोग कर सकेगा, लेकिन फोटो का असली मालिकाना हक (कॉपीराइट) फोटोग्राफर के पास ही सुरक्षित रहेगा.
कैसे और कब तक भेजें अपनी प्रविष्टि?
अगर आपके पास भी आगरा की कोई खूबसूरत कहानी कहती तस्वीर है, तो उसे अपने नाम, पते और मोबाइल नंबर के साथ सीधे ई-मेल करें:
📧 ई-मेल आईडी: upinfoagra01@gmail.com
📅 आखिरी तारीख: 20 जुलाई, 2026 तक
तो देर किस बात की? उठाइए अपना कैमरा या मोबाइल, आगरा की किसी खूबसूरत याद या नजारे को कैद कीजिए और भेज दीजिए जिला प्रशासन की इस अनोखी मुहिम में। क्योंकि आपकी एक फोटो, इस ऐतिहासिक शहर की एक नई पहचान बन सकती है!