सारा अली खान के केदारनाथ दर्शन पर बवाल! मौलाना ने जारी किया फतवा, कहा- अल्लाह से मांगें माफ़ी

358 readers

बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान का केदारनाथ मंदिर में दर्शन करना एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। मंदिर में पूजा-अर्चना और भगवान शिव के दर्शन को लेकर अब धार्मिक विवाद खड़ा हो गया है। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सारा अली खान के खिलाफ फतवा जारी करते हुए उनके मंदिर जाने और पूजा करने को शरीयत के खिलाफ बताया है। मौलाना के इस बयान के बाद सोशल मीडिया से लेकर धार्मिक गलियारों तक बहस छिड़ गई है।

'मंदिर में पूजा करना हराम, अल्लाह से मांगें माफी'

मीडिया को जारी बयान में मौलाना रजवी ने कहा कि केदारनाथ मंदिर जाना, वहां पूजा-अर्चना करना और अपनी मर्जी से आशीर्वाद मांगना इस्लामी शिक्षाओं के अनुसार जायज नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि सारा अली खान ने ऐसा किया है तो उन्होंने गुनाह किया है और उन्हें अल्लाह से माफी मांगते हुए तौबा करनी चाहिए।सारा अली खान वर्ष 2018 में अपनी फिल्म 'केदारनाथ' की शूटिंग के दौरान पहली बार इस पवित्र धाम पहुंची थीं। इसके बाद से वह कई बार केदारनाथ मंदिर के दर्शन कर चुकी हैं। सारा अक्सर अपनी यात्राओं की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करती रही हैं। भगवान शिव के प्रति उनकी आस्था और आध्यात्मिक जुड़ाव भी कई मौकों पर सामने आया है।

दूसरे मौलाना ने उठाए सवाल, कहा- हर किसी को धार्मिक स्वतंत्रता

इस फतवे पर मौलाना साजिद रशीदी ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर सार्वजनिक हस्तियों और फिल्मी सितारों को ही निशाना क्यों बनाया जाता है? उन्होंने कहा कि भारत जैसे धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी इच्छा से किसी भी धार्मिक स्थल पर जाने की स्वतंत्रता है, चाहे वह मंदिर हो या मस्जिद।

केदारनाथ मंदिर समिति ने बताई दर्शन की प्रक्रिया

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रंकर के मुताबिक, मंदिर में गैर-हिंदू श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए अपनी आस्था की घोषणा से संबंधित शपथपत्र जमा करना होता है। उन्होंने बताया कि सारा अली खान की टीम ने दर्शन से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक शपथपत्र जमा कराया था।

सोशल मीडिया पर सारा के समर्थन में उतरे लोग

फतवा सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है। कई यूजर्स सारा अली खान के समर्थन में उतर आए हैं और उनके सभी धर्मों के प्रति सम्मान तथा खुले विचारों की सराहना कर रहे हैं। वहीं, इस पूरे विवाद पर अब तक सारा अली खान या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related News

Share: