स्वस्थ बेटी, खुशहाल परिवार' कार्यक्रम में कुलपति ने की 9 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान की घोषणा

4 readers

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में एचपीवी वैक्सीन जागरूकता अभियान की शुरुआत

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के स्वामी विवेकानंद खंदारी परिसर स्थित जे.पी. सभागार में शनिवार को माननीय कुलपति प्रो. आशु रानी की अध्यक्षता में दीक्षोत्सव कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत "स्वस्थ बेटी, खुशहाल परिवार : माँ-बेटी स्वास्थ्य चर्चा" विषय पर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, एचपीवी (HPV) वैक्सीन के प्रति जागरूकता, महिला स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता तथा माँ-बेटी के बीच संवाद को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय एवं मॉडल स्कूल की महिला शिक्षिकाओं, महिला कर्मचारियों तथा उनकी किशोरी बेटियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और साथ ही स्वास्थ्य सम्बंधित सवाल भी पूछे.

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती बबीता चौहान रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में पुरुषोत्तम दास सावित्री देवी हॉस्पिटल के वरिष्ठ कैंसर विशेषज्ञ डॉ. संदीप अग्रवाल तथा एस.एन. मेडिकल कॉलेज की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्या यादव उपस्थित रहीं।

अपने संबोधन में डॉ. संदीप अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं में सबसे अधिक पाए जाने वाले स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की समय पर पहचान एवं रोकथाम से हजारों महिलाओं का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण है और इससे बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम एचपीवी वैक्सीन है। उन्होंने सलाह दी कि संक्रमण से पूर्व, आदर्श रूप से 12 से 14 वर्ष की आयु तथा विवाह से पहले यह टीका लगवा लेना चाहिए। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भारत में अधिकांश कैंसर के मामले तब सामने आते हैं, जब बीमारी काफी बढ़ चुकी होती है। ऐसे में नियमित जांच, समय पर टीकाकरण और शुरुआती पहचान ही प्रभावी बचाव का आधार है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए माननीय कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अक्सर अपने स्वास्थ्य की उपेक्षा कर देती हैं, जबकि स्वस्थ परिवार की आधारशिला स्वयं स्वस्थ महिला होती है। उन्होंने महिलाओं से किसी भी बीमारी को छिपाने के बजाय समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने तथा सरकार एवं विश्वविद्यालय द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने सरकार के सहयोग से विश्वविद्यालय के सभी कर्मचारियों की 9 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बेटियों के लिए प्रतिवर्ष निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ करने की घोषणा की, जिससे सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सके।

मुख्य अतिथि श्रीमती बबीता चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता और एचपीवी वैक्सीनेशन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने अपने व्यक्तिगत जागरूकता अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि विभिन्न अस्पतालों एवं संस्थानों में नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक बालिकाओं और महिलाओं तक इस जीवनरक्षक वैक्सीन की जानकारी पहुँच सके। उन्होंने माँ-बेटी के रिश्ते में संवाद की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज अनेक बेटियाँ अपनी समस्याएँ अपनी माँ से साझा नहीं कर पातीं, जिससे उनके बीच "चुप्पी की दीवार" खड़ी हो जाती है। उन्होंने माताओं और बेटियों से खुले संवाद, विश्वास और भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

डॉ. दिव्या यादव ने अपने व्याख्यान में मासिक धर्म स्वच्छता (Menstrual Hygiene) को महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि यह एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है, जिसके प्रति जागरूकता और स्वच्छता दोनों आवश्यक हैं। उन्होंने सैनिटरी पैड, मेंस्ट्रुअल कप सहित विभिन्न मासिक धर्म स्वच्छता उत्पादों के सुरक्षित एवं सही उपयोग की जानकारी दी तथा उनके लाभ, सावधानियों और व्यक्तिगत आवश्यकता के अनुसार उचित विकल्प चुनने के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक मिथकों और भ्रांतियों को दूर करने का भी आह्वान किया।

इस अवसर पर "माँ-बेटी सम्मेलन" के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। माननीय कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन में यह सम्मेलन 3 अगस्त को विश्वविद्यालय में आयोजित किया जाएगा। साथ ही 22 जुलाई को विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद खंदारी परिसर स्थित आरोग्य केंद्र में प्रातः 11:00 बजे से 1:00 बजे तक महिला स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए निःशुल्क एचपीवी वैक्सीनेशन आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम का संयोजन प्रो. अचला गक्खर ने किया तथा मंच संचालन पूजा सक्सेना ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. मोनिका अस्थाना, डॉ. रत्ना पांडे, डॉ. मीनाक्षी चौधरी एवं प्राचार्य सौरभ निषाद का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर प्रो. अर्चना सिंह, डॉ. रेखा शर्मा, डॉ. पूनम तिवारी, डॉ. स्वेतलाना, डॉ. नीरज, राधिका, रेखा, अनुपमा, दीप्ति, प्रिया सहित विश्वविद्यालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Related News

Share: