फतेहाबाद CHC में प्रसव के नाम पर अवैध वसूली; वीडियो वायरल

  • नर्स और दाई पर ₹1900 ऐंठने का आरोप
  • अधीक्षक बोले— शिकायत पर होगी सख्त कार्रवाई

फतेहाबाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहाबाद पर प्रसव के नाम पर अवैध वसूली का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में एक पीड़ित पति ने अस्पताल में हुई वसूली को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगला बेहड़ (थाना डौकी) निवासी रामसेवक की गर्भवती पत्नी रोशनी को शनिवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद में भर्ती कराया था। आरोप है कि प्रसव के कुछ समय बाद नर्स ने परिजनों से दो हजार रुपए की मांग की। जब पीड़ित पति ने कहा कि यहाँ सरकार मुफ्त में प्रसव कराती है, तो नर्स ने कथित तौर पर कहा कि यहाँ फ्री में कुछ काम नहीं होता, नहीं तो प्राइवेट अस्पताल ले जाओ। इसके बाद पति ने मजबूरी में 1500 रुपए में बात तय की।

सामान भी बाहर से मंगाने का आरोप, दाई ने भी मांगे पैसे

प्रसूता के पति रामसेवक ने आरोप लगाया कि रुपयों के अलावा नर्स ने ग्लव्स (दस्ताने) सहित अन्य मेडिकल सामान भी बाहर से मंगवाया था। प्रसव होने के बाद अस्पताल की दाई ने भी अलग से 500 रुपए की मांग शुरू कर दी। जब परिजनों ने इसका विरोध किया तो उन्हें धमकी दी गई, जिसके बाद 400 रुपए देकर मामला रफा-दफा किया गया।

फतेहाबाद सीएचसी पर अवैध वसूली का यह कोई पहला मामला नहीं है, पूर्व में भी यहाँ कई बार ऐसे आरोप लग चुके हैं। लेकिन उचित कार्रवाई न होने के कारण ऐसे मामलों पर लगाम नहीं लग पा रही है, जिससे गरीब तीमारदारों पर दोहरी मार पड़ रही है।

अधीक्षक का बयान: "मामला संज्ञान में आया है। इस संबंध में लिखित शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।" - डॉ. अभिषेक चौहान, अधीक्षक (CHC फतेहाबाद)

Related News

Share: