डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में उल्लास के साथ फहरा तिरंगा: देशभक्ति गीतों से गुंजायमान हुआ प्रांगण

7 readers

डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में देश का स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के उमंग भरे माहौल में मनाया गया। विद्यालय प्रांगण को तिरंगे के रंगों से कलात्मक रूप से सजाया गया था, जहाँ गूंजते देशभक्ति के गीतों ने संपूर्ण वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ एन.सी.सी. कैडेट्स, चारों सदनों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए अनुशासित और लयबद्ध मार्च पास्ट और विभिन्न विभिन्न राज्यों की परेड के साथ हुआ। इसके पश्चात डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह ने ध्वजारोहण किया।

ध्वजारोहण के उपरांत अतुल्य भारत कल्चरल सेंटर में देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसका शुभारंभ अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह द्वारा श्री गणेश जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

अपने ओजस्वी और प्रेरणादायी संबोधन में स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह ने विद्यार्थियों और उपस्थित जनसमूह में देशभक्ति का नया उत्साह भरते हुए कहा कि 15 अगस्त का यह पावन पर्व केवल अतीत के बलिदानों को नमन करने का दिन नहीं बल्कि भविष्य के सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर है। स्वतंत्रता हमें अधिकार देने के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति एक बड़ा दायित्व भी सौंपती है। आज का युवा यदि शिक्षा, अनुशासन, स्वच्छता, सैन्य सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को अपना मूल मंत्र बना ले, तो भारत को पुनः विश्वगुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन इस निष्ठा से करें कि आने वाली पीढ़ियां और संपूर्ण देश उनके योगदान पर गर्व महसूस करे।

सांस्कृतिक मंच पर विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत दीप योगा, देशभक्ति पर आधारित नाटिका का मंचन और देशभक्ति गीतों की ऐसी संगीतमय प्रस्तुतियां दीं कि सभागार में मौजूद हर व्यक्ति देशप्रेम के भाव में बह गया।

समारोह के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने सभी अतिथियों, गणमान्य नागरिकों और अभिभावकों के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे भीतर नई ऊर्जा और राष्ट्र सेवा की भावना का संचार करता है।

इस अवसर पर डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अकादमिक निदेशक डॉ विक्रांत शास्त्री, डायरेक्टर प्रशासनिक निदेशक डॉ. अनूप गोयल, समस्त डीन, विभागाध्यक्ष, कार्डीनेटर सहित समस्त शिक्षक- शिक्षिकाएं एवं प्रशासनिक स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन विद्यार्थियों द्वारा अत्यंत गरिमामय ढंग से किया गया।

Related News

Share: