मुफ्त की शराब नहीं मिली तो ठेके पर मचाया तांडव! काउंटर पर मारी लात, सेल्समैन को दी जान से मारने की धमकी

259 readers

आगरा। आगरा में मुफ्त की शराब को लेकर दबंगई का मामला सामने आया है। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के सीता नगर स्थित देशी शराब के ठेके पर एक युवक अपने साथियों के साथ पहुंचा और मुफ्त में शराब देने की मांग करने लगा। सेल्समैन ने इनकार किया तो आरोपियों ने जमकर हंगामा काटा। काउंटर पर लात मारकर तोड़फोड़ की और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दे डाली। पूरी घटना ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

मुफ्त शराब देने से किया इनकार तो भड़का युवक

जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 8:30 बजे की है। सीता नगर निवासी महेंद्र कुशवाहा अपने साथियों के साथ देशी शराब के ठेके पर पहुंचा था। आरोप है कि उसने ठेके पर मौजूद सेल्समैन शैलेन्द्र यादव से मुफ्त में शराब मांगी। सेल्समैन ने नियमों का हवाला देते हुए शराब देने से मना कर दिया। इसी बात पर युवक आगबबूला हो गया और ठेके के अंदर हंगामा शुरू कर दिया।

काउंटर पर मारी लात, कर्मचारियों को धमकाया

आरोप है कि गुस्से में युवक ने काउंटर पर लात मारकर तोड़फोड़ की। इस दौरान सेल्समैन और कैंटीन संचालक के साथ अभद्रता भी की गई। विरोध करने पर दोनों को जान से मारने की धमकी दी गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से ठेके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरों में हंगामे और तोड़फोड़ की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। पीड़ित पक्ष ने फुटेज और शिकायत के आधार पर पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दो लोगों पर मुकदमा दर्ज, पुलिस कर रही जांच

सेल्समैन शैलेन्द्र यादव की शिकायत पर थाना एत्माद्दौला पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच और आरोपियों की पहचान में जुटी है। मुफ्त में शराब न मिलने पर हुई इस घटना ने ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related News

Share: