अखंड गायत्री पाठ के साथ शुरू होगा 78वां श्रीरामलीला महोत्सव
अखंड गायत्री पाठ के साथ शुरू होगा 78वां श्रीरामलीला महोत्सव
जन-जन तक संदेश पहुंचाने के लिए प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
गंजडुंडवारा। कस्बे के पंचायती बाग में आयोजित होने वाले 78वें श्रीरामलीला महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। महोत्सव को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए शुक्रवार देर शाम श्रीरामलीला महोत्सव कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसमें आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों की तिथियां तय की गईं। साथ ही महोत्सव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए तैयार किए गए प्रचार वाहन को मुख्य अतिथि ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बैठक में मुख्य अतिथि अरुण चौहान रहे, जबकि अध्यक्षता सुरेश चंद्र आर्य ने की। कमेटी के अध्यक्ष अमित प्रकाश महाजन ने बताया कि श्रीरामलीला महोत्सव का शुभारंभ सात अक्टूबर की सुबह सात बजे 24 घंटे के अखंड गायत्री पाठ के साथ होगा। इसके बाद आठ अक्टूबर को गणेश शोभायात्रा निकाली जाएगी। 12 अक्टूबर को भव्य राम बारात का आयोजन होगा, जबकि 20 अक्टूबर को दिव्य दशहरा मनाया जाएगा। महोत्सव के समापन अवसर पर राजगद्दी शोभायात्रा एवं भगवान श्रीराम का राजतिलक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समापन से पूर्व 5100 दीपकों की भव्य दीपमाला भी सजाई जाएगी। कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार महोत्सव को और अधिक व्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कमेटी द्वारा विशेष प्रचार वाहन तैयार कराया गया है। मुख्य अतिथि अरुण चौहान ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया। इस दौरान सुरेश चंद्र मिश्रा, जोगेश गुप्ता, सुमन प्रकाश, प्रेमवीर सिंह चौहान‚ प्रदीप गुप्ता चंद्रपाल माथुर, सुमित मिश्रा, स्कंद महाजन‚ प्रफुल्ल जैन, प्रमोद यादव, राहुल गुप्ता‚ विष्णु कुमार सहित कमेटी के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।