रक्षाबंधन पर सीएम योगी का बड़ा तोहफा: लखनऊ से 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा' का शुभारंभ, 3 दिन रोडवेज बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी बहनें
रक्षाबंधन के पावन पर्व से ठीक पहले उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश की माताओं और बहनों को एक ऐतिहासिक सौगात दी है। बुधवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा' योजना का शुभारंभ किया और विशेष बसों को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर आगरा के सूरसदन प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भी इसका सजीव प्रसारण देखा और सुना गया।
कार्यक्रम के दौरान आगरा में केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल और उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की मौजूदगी में महिलाओं को साड़ी व मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया।
3 दिनों तक बसों में रहेगा मुफ्त सफर
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार, रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की समस्त बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है। यह सुविधा 27 अगस्त 2026 की सुबह 06:00 बजे से लेकर 29 अगस्त 2026 की मध्य रात्रि 12:00 बजे तक लागू रहेगी। खास बात यह है कि इस दौरान महिलाएं अपने एक सहयात्री (परिजन) के साथ भी निःशुल्क यात्रा का लाभ उठा सकेंगी। इसके अलावा, 60 वर्ष से अधिक आयु की माताओं-बहनों के लिए प्रदेशभर में आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की बड़ी सौगात भी दी गई है।
महिला सम्मान और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: प्रो. एस.पी. सिंह बघेल
सूरसदन प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि रक्षाबंधन पर माताओं-बहनों को यह उपहार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संवेदनशीलता और महिला सम्मान के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम से जुड़ी यह योजना समाज को अपनी गौरवशाली संस्कृति से जोड़ने का कार्य करती है। विशेष तौर पर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को इससे बड़ी राहत मिलेगी।
सुशासन से बढ़ी महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता: योगेंद्र उपाध्याय
प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था का ऐसा सुदृढ़ वातावरण है कि प्रदेश की बहन-बेटियाँ स्वयं को पूरी तरह सुरक्षित और निर्भीक महसूस करती हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर तीन दिनों की निःशुल्क बस यात्रा का यह उपहार बच्चियों से लेकर बुजुर्ग महिलाओं तक सभी के चेहरों पर मुस्कान लेकर आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
इस गरिमामयी अवसर पर विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, जिलाधिकारी मनीष बंसल, अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान, एसडीएम सदर विक्रम राघव, आरएम रोडवेज बीपी अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।