प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ी, अस्पताल में मौत

11 readers

परिजनों ने पोस्टमार्टम और कानूनी कार्रवाई से किया इनकार, थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के टेढ़ी बगिया स्थित जलेसर रोड के सरोज हॉस्पिटल में प्रसव के बाद एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना पर अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। उन्होंने परिजनों से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

पुलिस के अनुसार, खंदौली थाना क्षेत्र के हसनपुर निवासी श्रीनिवास की बेटी प्रिया (26) पत्नी दलवीर को 29 अगस्त की रात करीब एक बजे सरोज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। करीब 1:45 बजे ऑपरेशन के माध्यम से प्रसव कराया गया, जिसके बाद प्रिया ने बेटे को जन्म दिया।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 11 बजे प्रिया को सांस लेने में परेशानी होने लगी। अस्पताल में उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे सिकंदरा स्थित प्रभा हॉस्पिटल रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान प्रिया की मौत हो गई।

महिला की मौत की सूचना पर परिजन सरोज हॉस्पिटल पहुंचे और वहां लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए परिजनों से कानून व्यवस्था न बिगाड़ने की अपील की। पुलिस की मौजूदगी में मौके पर शांति बनी रही।

परिजनों ने किसी पर नहीं लगाया आरोप

पुलिस के अनुसार, मृतका के परिजन प्रिया का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। परिजनों ने इस संबंध में किसी व्यक्ति या अस्पताल के खिलाफ कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाया है और न ही कोई कानूनी कार्रवाई चाहते हैं। इस संबंध में परिजनों की ओर से पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र भी दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मौके पर वर्तमान में शांति है और कानून-व्यवस्था संबंधी कोई समस्या नहीं है।

Related News

Share: