फतेहपुर सीकरी में शुरू हुआ लेजर एंड लाइट शो, अब रात में भी दिखेगा मुगलकालीन इतिहास का भव्य नजारा
आगरा: ताजनगरी आगरा के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल फतेहपुर सीकरी से पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। विश्व धरोहर स्मारक फतेहपुर सीकरी में शुक्रवार (27 नवंबर) को बहुप्रतीक्षित लाइट एंड साउंड शो का शुभारंभ हो गया। अब पर्यटक दिन के साथ-साथ रात में भी आधुनिक तकनीक के जरिए ऐतिहासिक इमारतों की भव्यता और इतिहास का अनुभव कर सकेंगे।
9.7 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ प्रोजेक्ट
फतेहपुर सीकरी के दीवान-ए-आम परिसर में इस परियोजना को तैयार किया गया है। इस पर लगभग 9.7 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को इस परियोजना का उद्घाटन किया।
इस शो में प्रोजेक्शन मैपिंग, हाईटेक प्रोजेक्टर, आकर्षक लाइटिंग और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसके साथ ही स्मारक के रास्तों पर भी विशेष रोशनी की व्यवस्था की गई है।
पर्यटकों को जानने को मिलेगा फतेहपुर सीकरी का इतिहास
इस लाइट एंड साउंड शो के जरिए पर्यटकों को फतेहपुर सीकरी के गौरवशाली इतिहास और मुगलकालीन स्थापत्य कला से रूबरू कराया जाएगा। बुलंद दरवाजा, पंचमहल और अन्य ऐतिहासिक इमारतों की विशेषताओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
रात्रि पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य फतेहपुर सीकरी में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है। अभी तक अधिकांश पर्यटक दिन के समय ही स्मारक देखने पहुंचते थे, लेकिन लाइट एंड साउंड शो शुरू होने से रात में भी पर्यटकों के आकर्षित होने की उम्मीद है।
प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से आगरा और फतेहपुर सीकरी में पर्यटकों का रात्रि प्रवास बढ़ेगा और स्थानीय पर्यटन कारोबार को भी फायदा मिलेगा।