ताजमहल की 200 साल पुरानी संगमरमर की पट्टिका ब्रिटेन में होगी नीलाम, 36 लाख रुपये तक लग सकती है कीमत

10,909 readers

आगरा। मोहब्बत की निशानी ताजमहल एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में है। इस बार चर्चा ताजमहल से जुड़ी करीब 200 साल पुरानी संगमरमर की एक खूबसूरत पट्टिका को लेकर हो रही है, जिसे ब्रिटेन में नीलाम किया जाएगा। इस ऐतिहासिक धरोहर की कीमत 20 हजार से 30 हजार पाउंड यानी भारतीय मुद्रा में लगभग 24 से 36 लाख रुपये आंकी गई है।

1816 में ब्रिटिश अधिकारी अपने साथ ले गया था पट्टिका

जानकारी के मुताबिक, ईस्ट इंडिया कंपनी के अधिकारी कर्नल पोनॉल फिप्स (Colonel Pownoll Phipps) वर्ष 1816 में आगरा में अपनी जिम्मेदारी पूरी करने के दौरान ताजमहल से जुड़ी दो संगमरमर की पट्टिकाएं अपने साथ ले गए थे। उस समय वह आगरा की ऐतिहासिक इमारतों और ताजमहल की मरम्मत से जुड़े कार्यों के अधीक्षक थे।

कर्नल फिप्स के बेटे की लिखी जीवनी के अनुसार, उन्हें ये पट्टिकाएं ताजमहल के एक भूमिगत हिस्से में मिली थीं। उनका मानना था कि इनका इस्तेमाल स्मारक की मरम्मत के लिए किया जाना था।

कीमती पत्थरों से की गई है खूबसूरत नक्काशी

इस पट्टिका की खासियत इसकी बारीक कारीगरी है। संगमरमर पर फूलों और पत्तियों की आकर्षक आकृतियां बनाई गई हैं। इसमें एगेट, जैस्पर और कैल्सेडोनी जैसे अर्ध-कीमती पत्थरों का इस्तेमाल किया गया है।

इसकी फूलों वाली डिजाइन ताजमहल में शाहजहां की कब्र के ऊपरी हिस्से पर बनी नक्काशी से मिलती-जुलती है। पट्टिका का आकार लगभग 55.8 सेंटीमीटर लंबा और 45.2 सेंटीमीटर चौड़ा है।

9 दिसंबर को होगी नीलामी

ब्रिटेन की नीलामी संस्था Lyon & Turnbull इस ऐतिहासिक पट्टिका को 9 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली Islamic and Indian Art Sale में पेश करेगी। नीलामी के साथ ताजमहल की एक पुरानी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर और दो ऐतिहासिक पत्र भी रखे जाएंगे।

बताया गया है कि यह पट्टिका 200 साल से अधिक समय तक कर्नल फिप्स के परिवार के पास सुरक्षित रही। अब इसे नीलामी के जरिए बेचा जाएगा।

ताजमहल से जुड़ी इस दुर्लभ ऐतिहासिक वस्तु की नीलामी ने एक बार फिर आगरा की मुगलकालीन विरासत और उसकी बेमिसाल पत्थर की कारीगरी को अंतरराष्ट्रीय चर्चा में ला दिया है।

Related News

Share: