आगरा में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: बिल्हेनी फीडर पर पकड़े गए 10 आरोपी, 15 दिन में 34 पर दर्ज हुई FIR
जिलाधिकारी मनीष बंसल के कुशल निर्देशन में जनपद में विद्युत चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने के लिए विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन और विद्युत निगम की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं, जिसके तहत अवैध कटिया डालने, मीटर से छेड़छाड़ या बाईपास करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बिल्हेनी फीडर पर छापेमारी, 10 के खिलाफ FIR
जिलाधिकारी के निर्देश पर आज उपकेंद्र कबीश चौराहा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बिल्हेनी और बिल्हेनी फीडर पर विशेष अभियान चलाया गया। इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान एसडीएम संतोष कुमार शुक्ला, बिजली विभाग के एसडीओ, जेई और प्रवर्तन दल की टीमें मौजूद रहीं।
चेकिंग के दौरान कुल 10 लोग विद्युत चोरी करते हुए पकड़े गए। प्रशासन द्वारा जिन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है, उनके नाम निम्नलिखित हैं:
सौरभ पुत्र शिवचरण
ओम प्रकाश पुत्र रामजीलाल
राजकुमार पुत्र मुकेश बाबू
गुलाब सिंह पुत्र देन सिंह
नवल सिंह पुत्र सूबेदार सिंह
दीपचंद्र पुत्र गेंदा लाल
नरगेश पुत्र नेमी चंद्र
भाव सिंह पुत्र आशाराम
सहदेव सिंह पुत्र गेंदालाल
नेमी चंद्र पुत्र गेंदलाल
15 दिनों में 34 लोगों पर शिकंजा
एसडीएम संतोष कुमार शुक्ला ने जानकारी दी है कि पिछले 15 दिनों से चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत अब तक छापेमारी के दौरान कुल 34 लोगों पर विद्युत चोरी की एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
बिलों का भुगतान न करने वालों, बड़े बकायेदारों और विभिन्न तरीकों से बिजली चोरी करने वालों के विरुद्ध बिजली अधिनियम-2003 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई और भारी जुर्माने का प्रावधान है। इसके अलावा, बिजली चोरी की सटीक सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखते हुए उन्हें प्रोत्साहन राशि व इनाम देने का भी प्रावधान किया गया है। जिला प्रशासन ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें, अन्यथा कठोर वैधानिक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।