आगरा की अर्थव्यवस्था में शानदार उछाल: जीडीपी बढ़कर पहुंची 88,064 करोड़ रुपये, प्रति व्यक्ति आय में भी हुई वृद्धि
मुख्य विकास अधिकारी (CDO) प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जनपद की अर्थव्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आगरा की आर्थिक स्थिति को लेकर बेहद उत्साहजनक आंकड़े सामने आए हैं।
जीडीपी और वार्षिक वृद्धि दर में जबरदस्त बढ़ोतरी
जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी द्वारा बैठक में अवगत कराया गया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में जनपद की जीडीपी (जिला सकल घरेलू उत्पाद) 79,215 करोड़ रुपये थी, जो वित्तीय वर्ष 2024-25 में बढ़कर 88,064 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। इस दौरान जनपद की वार्षिक वृद्धि दर 11.2 प्रतिशत दर्ज की गई है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश की कुल अर्थव्यवस्था में अकेले आगरा की अर्थव्यवस्था की 2.91 प्रतिशत की मजबूत हिस्सेदारी परिलक्षित हो रही है।
प्रति व्यक्ति आय में भी इजाफा
जनपद की प्रति व्यक्ति आय की समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में प्रति व्यक्ति आय 1,31,692 रुपये थी, जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 1,44,605 रुपये हो गई है।
वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य पर जोर
बैठक में माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार के प्रदेश को 'वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था' बनाने के विजन पर विशेष चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्राप्त करना सुनिश्चित करें, ताकि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर बनाने में आगरा की एक सकारात्मक और मजबूत तस्वीर प्रस्तुत की जा सके।