मेरे सपनों का भारत’ में विद्यार्थियों ने उकेरी विकसित भारत की कल्पना
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आगरा कॉलेज में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित; 63 विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग
आगरा. डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मक कल्पना के माध्यम से विगत 25 वर्षों के सेवा कार्यों तथा ‘विकसित भारत 2047’ की संकल्पना को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक को सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
विश्वविद्यालय से प्राप्त निर्देशों के क्रम में आगरा कॉलेज, आगरा में आज दिनांक 17 सितम्बर 2026 को चित्रकला विभाग में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के कार्यक्रम नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य प्रोफेसर सी.के. गौतम के अध्यक्षीय मार्गदर्शन में, चित्रकला विभाग की विभागाध्यक्ष मनीषा दोहरे के निर्देशन तथा दिनेश मौर्य के सहयोग से सम्पन्न हुआ।
प्रतियोगिता में आगरा कॉलेज के विभिन्न विभागों के कुल 63 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों को प्रतियोगिता की तैयारी के लिए बहुत कम समय मिलने के बावजूद उन्होंने अपनी कल्पनाशीलता, सृजनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए अपने चित्रों के माध्यम से विकसित, आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त भारत की परिकल्पना को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।प्रतियोगिता में प्रस्तुत चित्रों के मूल्यांकन के लिए गठित ज्यूरी में कॉलेज के उप-प्राचार्य प्रोफेसर पी.बी. झा सहित निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की कलात्मक अभिव्यक्ति, विषय-वस्तु, मौलिकता एवं रचनात्मक प्रस्तुति का मूल्यांकन किया। मूल्यांकन के उपरांत 17 विद्यार्थियों का चयन किया गया, जिनमें से 10 विद्यार्थियों को अंतिम चरण की प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया है। चयनित 10 विद्यार्थी दिनांक 22 सितम्बर 2026 को ललित कला संस्थान में आयोजित होने वाली आगामी प्रतियोगिता में आगरा कॉलेज का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्राचार्य प्रोफेसर सी.के. गौतम ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की कल्पना और सृजनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी प्रतिभा के माध्यम से आगरा कॉलेज का गौरव बढ़ाएंगे।