जनगणना-2027: आगरा में द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना के लिए 170 फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण संपन्न
आगरा। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण जनसंख्या गणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की दिशा में आगरा जनपद में नियुक्त सभी 170 फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण दो चरणों मे आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण एडीएम वित्त एवं राजस्व संदीप कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को जनसंख्या गणना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं, अवधारणाओं एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर्स अजय कुमार शर्मा, राजीव कौशिक, संजय शर्मा, सौरभ शर्मा एवं आलोक जैन ने सभी फील्ड ट्रेनर्स को जनसंख्या गणना में पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों से संबंधित सभी प्रमुख अवधारणाओं को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए जनसंख्या गणना कार्य में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं, सावधानियों एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण की एक महत्वपूर्ण विशेषता जनसंख्या गणना ऐप पर हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस रही। सभी फील्ड ट्रेनर्स को ऐप के विभिन्न मॉड्यूल एवं कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया, जिससे वे वास्तविक क्षेत्रीय कार्य के दौरान ऐप का प्रभावी एवं त्रुटिरहित उपयोग कर सकें।
यह प्रशिक्षण जनगणना निदेशालय के सहायक निदेशक गोविंद सोनी एवं जिला प्रभारी दिव्या गौतम के पर्यवेक्षण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को गुणवत्तापूर्ण एवं सटीक जनसंख्या संबंधी आंकड़ों के संकलन के महत्व से भी अवगत कराया गया। अधिकारियों एवं मास्टर ट्रेनर्स ने फील्ड ट्रेनर्स से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं तकनीकी दक्षताओं का प्रभावी उपयोग करते हुए आगामी जनसंख्या गणना कार्य को पूरी निष्ठा, सावधानी एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराएंगे।
170 फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण के सफल समापन के साथ आगरा जनपद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को एक महत्वपूर्ण गति मिली है। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स अब अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंख्या गणना कार्य को सुचारु, सटीक एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।