आगरा के 4 स्कूलों में मानसिक स्वास्थ्य संस्थान का जागरूकता अभियान, छात्रों को स्क्रीन टाइम और परीक्षा तनाव से बचने के बताए तरीक
आगरा। मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य एवं चिकित्सालय, आगरा (Institute of Mental Health and Hospital, Agra) द्वारा विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष विद्यालय संपर्क कार्यक्रम (School Outreach Programme) का आयोजन किया गया। इसके तहत संस्थान के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने शहर के चार प्रमुख विद्यालयों—मिल्टन पब्लिक स्कूल, सचदेवा मिलेनियम पब्लिक स्कूल, एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस और जिम कॉर्बेट पब्लिक स्कूल का दौरा किया।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से होने वाले मानसिक, भावनात्मक व शैक्षणिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने छात्रों को स्क्रीन टाइम संतुलित रखने, डिजिटल माध्यमों का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने और वर्चुअल दुनिया तथा वास्तविक जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने की सलाह दी।
वहीं तनाव प्रबंधन (Stress Management) सत्र में छात्रों को पढ़ाई और आगामी परीक्षाओं के डर व तनाव से निपटने के व्यावहारिक उपाय बताए गए। चिकित्सकों ने श्वास अभ्यास, माइंडफुलनेस, उचित समय प्रबंधन, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम तथा जरूरत पड़ने पर अभिभावकों, शिक्षकों और विशेषज्ञों की मदद लेने के लिए प्रेरित किया। संस्थान ने भविष्य में भी इस तरह के सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही है।