दशहरे पर किसानों को योगी सरकार की सौगात, कृषि यंत्रों पर सब्सिडी के लिए 20 अक्टूबर तक करें ऑनलाइन बुकिं

145 readers

आगरा। दशहरा के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश सरकार ने अन्नदाताओं को बड़ी सौगात दी है। कृषि विभाग द्वारा संचालित 'नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन' योजना के तहत किसानों को अनुदान पर आधुनिक कृषि यंत्र प्राप्त करने का दूसरा सुनहरा अवसर प्रदान किया गया है। योजना के अंतर्गत जनपद के किसान आगामी 20 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं।

उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार ने बताया कि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन और इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू (फसल अवशेष प्रबंधन) योजनाओं के तहत विभिन्न कृषि व कृषि रक्षा उपकरणों पर सब्सिडी दी जा रही है। इसमें 10 लाख रुपये तक की लागत वाले कस्टम हायरिंग सेंटर व फार्म मशीनरी बैंक, किसान ड्रोन, फसल अवशेष प्रबंधन के एकल यंत्र, 30 लाख रुपये की परियोजना वाले कस्टम हायरिंग सेंटर, मक्का सेलर, मिलेट पर्लर और कृषि रक्षा उपकरण शामिल हैं।

इच्छुक किसान भाई कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल www.agriculture.up.gov.in पर जाकर 'किसान कॉर्नर' लिंक के अंतर्गत 'यंत्र बुकिंग प्रारंभ' विकल्प पर क्लिक करके अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बुकिंग प्रक्रिया 7 अक्टूबर दोपहर 12 बजे से शुरू हो चुकी है, जो 20 अक्टूबर की रात 12 बजे तक जारी रहेगी। यंत्रों का विवरण, पात्रता और अनुदान प्रक्रिया की संपूर्ण जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी या सहायता के लिए किसान सीधे उप कृषि निदेशक कार्यालय, आगरा से संपर्क कर सकते हैं।

Related News

Share: