राधे-राधे कमल खिला दे: मथुरा से BJP का 2027 चुनावी प्लान, अखिलेश यादव पर नजर
UP Politics 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। अयोध्या के बाद अब मथुरा और श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा यूपी की राजनीति के केंद्र में आता दिखाई दे रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने मथुरा में आयोजित दो दिवसीय चिंतन बैठक के दौरान 'राधे-राधे, कमल खिला दे' का नया नारा दिया है। राजनीतिक जानकार इसे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मथुरा के मुद्दे पर घेरने की रणनीति के तौर पर देख रहे हैं।
मथुरा से BJP ने दिया नया चुनावी नारा
बीजेपी की मथुरा में आयोजित दो दिवसीय संगठनात्मक बैठक में उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 'राधे-राधे, कमल खिला दे' का नारा दिया। इस नारे के जरिए पार्टी ने धार्मिक आस्था और अपने चुनाव चिह्न कमल को एक साथ जोड़ने की कोशिश की है।
बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अयोध्या के बाद अब मथुरा की बारी है। बीजेपी नेताओं के इन बयानों से साफ संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में मथुरा और ब्रज क्षेत्र को अपनी राजनीतिक रणनीति का अहम हिस्सा बनाने जा रही है।
अखिलेश यादव को मथुरा के मुद्दे पर घेरने की तैयारी
बीजेपी की रणनीति का एक अहम हिस्सा सपा प्रमुख अखिलेश यादव को श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए मजबूर करना माना जा रहा है।
बीजेपी सांसद प्रकाश पाल ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि वे वास्तव में भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं तो उन्हें मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण के लिए कारसेवक के रूप में आगे आना चाहिए।