₹12 लाख तक इनकम टैक्स माफ किया, क्या आपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई? PM मोदी ने प्राइवेट कंपनियों से पूछा सवाल

721 readers

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्राइवेट कंपनियों और कॉरपोरेट जगत से कर्मचारियों की सैलरी और नई भर्तियों को लेकर बड़ा सवाल पूछा है। गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में फिक्की (FICCI) के शताब्दी अधिवेशन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने आम लोगों को इनकम टैक्स में बड़ी राहत दी है, लेकिन क्या निजी कंपनियों ने भी इसका फायदा अपने कर्मचारियों तक पहुंचाया है?

पीएम मोदी ने कंपनियों से पूछा- कितनी बढ़ाई सैलरी?

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि साल 2014 में देश में बेसिक कॉरपोरेट टैक्स की दर 30 प्रतिशत थी, जिसे सरकार ने घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया। इसके अलावा नई टैक्स व्यवस्था के तहत 12 लाख रुपये तक की सालाना आय पर इनकम टैक्स नहीं लगने की व्यवस्था की गई।

इसी का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से सवाल किया कि सरकार ने तो टैक्स में राहत दे दी, लेकिन क्या कंपनियों ने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई? क्या कंपनियों में नए कर्मचारियों की भर्ती हुई?

उन्होंने सवालिया अंदाज में कहा, "मैंने 12 लाख रुपये तक की आय को इनकम टैक्स से मुक्त किया, लेकिन क्या आपने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई? क्या आपने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई?"

पीएम मोदी की इस टिप्पणी पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हंसी भी सुनाई दी।

'मोदी जी आप कर दीजिए, हम देख लेंगे' पर भी ली चुटकी

प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार से हर काम की उम्मीद करना उचित नहीं है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कंपनियों का रवैया ऐसा रहता है कि 'मोदी जी आप कर दीजिए, हम देख लेंगे।'

उन्होंने कहा कि सरकार ने टैक्स में राहत देकर लोगों की क्रय शक्ति बढ़ाने का प्रयास किया है। अब उद्योग जगत की भी जिम्मेदारी है कि वह रोजगार के अवसर बढ़ाए और कर्मचारियों की आय में सुधार करे।

Related News

Share: