जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के साथ बैठक

150 readers

आगरा। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के उपरांत विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए मतदाता सूची को पूर्णतः समावेशी और अद्यतन बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों, विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने वाले तथा 18–19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के नाम प्राथमिकता से जोड़े जाएं। इसके लिए महाविद्यालयों, ग्रामीण क्षेत्रों और शहरी बस्तियों में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के समन्वय से विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, महिला मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाकर जनपद के जेंडर रेशियो और ईपी रेशियो में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में गृहविहीन नागरिकों और श्रमिक वर्ग के चिह्नांकन के साथ-साथ प्रपत्र-6, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त होने वाले आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। दिव्यांग मतदाताओं के चिह्नांकन का कार्य भी सुचारू रूप से करने को कहा गया ताकि आगामी निर्वाचन में उन्हें आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Related News

Share: