एमएलसी चुनाव: डीएम प्रणय सिंह और एसपी ओम प्रकाश सिंह ने परखी मतदान केंद्रों की सुरक्षा व व्यवस्थाएं
कासगंज।शनिवार को विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक एवं आगरा स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह के साथ जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों और बूथों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों शीर्ष अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नगर पालिका परिषद कासगंज स्थित बूथ संख्या 147, शिक्षक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र के बूथ संख्या 86, तथा रेलवे मनोरंजन गृह स्थित स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के बूथ संख्या 148 व 149 का निरीक्षण किया। इसके अलावा, उन्होंने विकास खंड कासगंज के बूथ संख्या 150 का भी मुआयना किया। यात्रा के अगले चरण में अधिकारियों ने नगर पालिका परिषद सोरों पहुंचकर वहां बनाए गए बूथ संख्या 151 और शिक्षक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र के बूथ संख्या 88 का भी स्थलीय जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने मतदान केंद्रों पर प्रकाश, पेयजल, सुरक्षा प्रबंधों और अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी तैयारियां समय से और मानकों के अनुरूप पूरी कर ली जाएं, ताकि मतदाता बिना किसी परेशानी के शांतिपूर्ण माहौल में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
प्रशासन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, आगामी निर्वाचन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कासगंज जनपद में व्यापक इंतजाम किए गए हैं:
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: कुल 08 बूथ बनाए गए हैं।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: कुल 09 बूथ बनाए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ उपजिलाधिकारी सदर, उपजिलाधिकारी सहावर, संबंधित क्षेत्राधिकारी , तहसीलदार और अन्य प्रमुख प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।