हरमनप्रीत-दीप्ति के शतकों से भारत का धमाका, जिम्बाब्वे को 121 रन से रौंदा

274 readers

वडोदरा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे वनडे में बल्ले और गेंद से ऐसा दबदबा दिखाया कि मेहमान टीम मुकाबले में टिक नहीं सकी। हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के शानदार शतकों की बदौलत भारत ने रविवार को 121 रन से बड़ी जीत दर्ज की। इसके साथ ही भारतीय टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। भारत ने पहला मुकाबला भी नौ विकेट से जीता था।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने छह विकेट पर 328 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। हरमनप्रीत ने 121 गेंदों में 126 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 15 चौके शामिल रहे। दूसरी ओर, दीप्ति शर्मा ने 86 गेंदों पर नाबाद 106 रन बनाकर पारी को दमदार अंजाम दिया। उनकी पारी में भी 15 चौके आए। दोनों बल्लेबाजों के बीच 153 रन की साझेदारी ने भारतीय पारी को मजबूती दी।भारत की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा सस्ते में पवेलियन लौट गईं। इसके बाद प्रतीका रावल ने 67 गेंदों पर 61 रन बनाकर हरमनप्रीत के साथ पारी को संभाला। दोनों के बीच 124 रन की साझेदारी हुई। प्रतीका के आउट होने के बाद हरमनप्रीत ने मोर्चा संभाला और शानदार शॉट्स के दम पर अपना आठवां वनडे शतक पूरा किया। उन्हें तीन बार जीवनदान भी मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने 48.5 ओवर में 207 रन पर सिमट गई। बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने चार विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। दीप्ति शर्मा ने भी गेंद से योगदान देते हुए 32 रन देकर तीन विकेट झटके।जिम्बाब्वे की ओर से मोडेस्टर मुपाचिक्वा ने 49 और चिपो मुगेरी-तिरिपानो ने 46 रन बनाए, लेकिन उनकी पारियां टीम को जीत के करीब नहीं पहुंचा सकीं। भारत और जिम्बाब्वे के बीच यह पहली द्विपक्षीय सीरीज है। दूसरे वनडे में भारतीय टीम के हरफनमौला प्रदर्शन ने सीरीज पर उसका कब्जा लगभग पक्का कर दिया है।

Related News

Share: