मथुरा में 28 नवंबर को होगा भव्य आयोजन, योगी और धामी समेत कई दिग्गजों के शामिल होने की संभावना; 8 हजार विद्यार्थी होंगे शामिल

1,248 readers

मथुरा। मथुरा के गौ ग्राम परखम स्थित दीनदयाल कामधेनु गौशाला परिसर में आगामी 28 नवंबर को भव्य कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई प्रमुख संत-महात्माओं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

इसी क्रम में 13 नवंबर 2026 को दीनदयाल गौविज्ञान एवं अनुसंधान केंद्र, गौ ग्राम परखम, फरह स्थित अशोक सिंघल सभागार में संचालन टोली की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

चार प्रमुख परियोजनाओं का होगा शिलान्यास

28 नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दौरान वेटरनरी कॉलेज, आयुर्वेदिक कॉलेज, बॉयज हॉस्टल और मॉलिक्यूल लैब का शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं को गौविज्ञान, पशु चिकित्सा, आयुर्वेदिक अनुसंधान और शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

8 हजार विद्यार्थी और प्रोफेसर होंगे शामिल

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में विभिन्न तकनीकी महाविद्यालयों के लगभग 7 से 8 हजार विद्यार्थी और प्रोफेसर शामिल होंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वामी कैलाशानंद जी, स्वामी अवधेशानंद जी और स्वामी चिन्मयानंद जी की उपस्थिति प्रस्तावित है।

इसके अलावा देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या जी सहित अनेक प्रमुख संत-महात्माओं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ अधिकारियों के भी शामिल होने की संभावना है।

बैठक में इन मुद्दों पर बनी कार्ययोजना

बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं के प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की गई। अतिथियों के स्वागत, आवागमन, सुरक्षा, मंच व्यवस्था, भोजन, आवास और अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई।

साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने और कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया गया। विभिन्न कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के अध्यक्ष महेश गुप्ता, मंत्री हरि शंकर शर्मा, उपाध्यक्ष संजय शर्मा, सर्व व्यवस्था प्रमुख महावीर सिंह, संघ के वरिष्ठ प्रचारक अजीत महापात्र जी एवं क्षेत्र प्रचारक माहेंद्र जी सहित उमेश शर्मा, सतीश अवाना, डॉ. के.एम.एल. पाठक, प्रबंधक ब्रजेश प्रताप सिंह, राकेश गर्ग, मनीष अग्रवाल, नरेंद्र पाठक, सोनपाल, कीर्ति, चंद्रशेखर, मनोज, अनुराग शर्मा, अनुज वर्मा, कैलाश सारस्वत, सीए प्रमोद चौहान, केशव और जगदीश सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

Related News

Share: