यमुना एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव! चलती बस बनी आग का गोला, 40 यात्रियों में मची चीख-पुकार

3,218 readers

मथुरा। कस्बा राया में शनिवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे कट पुल पर चलती ट्रेवल्स बस में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। आग की लपटें उठती देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल विभाग की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई जबकि यात्रियों का हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब डेढ़ बजे पीआरवी को सूचना मिली कि राया कट पुल के ऊपर एक बस में आग लग गई है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी महावन संजीव कुमार राय और प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। दमकल विभाग को सूचना देकर अग्निशमन गाड़ियों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

बताया गया कि बस चालक जितेंद्र पुत्र मोहनलाल निवासी नौगांव जिला छतरपुर मध्य प्रदेश करीब 40 यात्रियों को लेकर दिल्ली के कश्मीरी गेट से छतरपुर जा रहा था। इसी दौरान राया कट पुल के ऊपर बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया लेकिन उनका सामान आग में जलकर खाक हो गया। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Related News

Share: