Vande Bharat Fine: रिश्तेदारों को छोड़ने चढ़े 12 लोग, लगा ₹36,140 जुर्माना
Kanpur News: रिश्तेदारी निभाने के चक्कर में 12 लोगों को ऐसा सबक मिला, जिसे वे शायद ही कभी भूल पाएंगे। अपने परिजनों को वंदे भारत ट्रेन में बैठाने पहुंचे ये लोग खुद ट्रेन में सवार हो गए। इसी दौरान ट्रेन के ऑटोमैटिक दरवाजे बंद हो गए और ट्रेन रवाना हो गई। इसके बाद सभी को इटावा में उतरना पड़ा और रेलवे ने उनसे कुल 36,000 रुपये का जुर्माना वसूला।
कानपुर सेंट्रल पर हुई पूरी घटना
मामला 15 नवंबर 2026 का है। बनारस से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22415) सुबह कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची थी। यहां कुछ लोग अपने रिश्तेदारों को ट्रेन में बैठाने और उनका सामान व्यवस्थित कराने के लिए कोच के अंदर चले गए।
बताया जा रहा है कि कानपुर के अलग-अलग इलाकों से आए 12 वयस्क और एक बच्चा अपने परिजनों को विदा करने पहुंचे थे। इसी बीच ट्रेन के ऑटोमैटिक दरवाजे बंद हो गए। दरवाजे बंद होने के कारण वे लोग समय रहते ट्रेन से बाहर नहीं निकल सके।
ट्रेन के रवाना होते ही उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ। इसके बाद ट्रेन के अंदर अफरा-तफरी मच गई।
इटावा में रुकवाई गई वंदे भारत ट्रेन
कानपुर के बाद ट्रेन का अगला निर्धारित ठहराव नई दिल्ली था। ऐसे में ट्रेन में फंसे लोगों ने उतरने के लिए रेलवे स्टाफ से मदद मांगी। कुछ लोगों के हंगामा करने की भी जानकारी सामने आई।
मामले की सूचना ट्रेन स्टाफ ने टूंडला कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद रेलवे अधिकारियों के निर्देश पर वंदे भारत एक्सप्रेस को इटावा जंक्शन पर अस्थायी रूप से रोका गया।
सुबह करीब 10:49 बजे ट्रेन इटावा पहुंची। यहां स्टेशन अधीक्षक, आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने सभी लोगों को ट्रेन से नीचे उतरवाया और आरपीएफ पोस्ट पर ले गई।
बिना टिकट ट्रेन में चढ़ना पड़ा भारी, वसूले ₹36,140
जांच के दौरान पता चला कि ट्रेन में चढ़े लोगों के पास न तो यात्रा का वैध टिकट था और न ही प्लेटफॉर्म टिकट। रेलवे ने उन्हें अनधिकृत यात्री मानते हुए कार्रवाई की।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवम शर्मा के अनुसार, कुल 12 वयस्क और एक बच्चा बिना वैध टिकट के ट्रेन में पाए गए। रेलवे ने निर्धारित किराया और जुर्माने के रूप में कुल 36,140 रुपये वसूले।