तिरुपति बालाजी को मिलने जा रहा 121 किलो सोने का चढ़ावा, कीमत 160 करोड़ रुपये; टूटेगा दान का रिकॉर्ड!

847 readers

तिरुपति। भगवान के प्रति आस्था और भक्ति की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर यानी तिरुपति बालाजी मंदिर को एक भक्त 121 किलोग्राम सोने के आभूषण अर्पित करने जा रहा है। इस बेशकीमती चढ़ावे की अनुमानित कीमत करीब 150 से 160 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मंदिर प्रशासन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, किसी एक श्रद्धालु की ओर से दिया जाने वाला यह अब तक का सबसे बड़ा स्वर्ण चढ़ावा हो सकता है।

26 नवंबर को मंदिर प्रशासन को सौंपे जाएंगे आभूषण

जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु 26 नवंबर 2026 को भगवान वेंकटेश्वर के चरणों में यह विशेष भेंट अर्पित करेगा। इस प्रक्रिया को लेकर तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के अधिकारियों के साथ बातचीत पूरी हो चुकी है। आभूषण औपचारिक रूप से मंदिर प्रशासन को सौंपे जाएंगे।

45 आभूषणों से तैयार हुआ 121 किलो सोने का चढ़ावा

इस खास भेंट में सोने के कुल 45 आभूषण शामिल बताए जा रहे हैं, जिन्हें नौ अलग-अलग सेटों में तैयार किया गया है। इनमें भगवान के श्रृंगार के लिए मुकुट, पादुका और कई तरह के विशेष आभूषण शामिल हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन आभूषणों को तैयार करने में करीब 15 महीने का समय लगा है। इनका कुल वजन 121 किलोग्राम है। इतनी बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण एक साथ चढ़ाए जाने की खबर ने देशभर में लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।

कौन है करोड़ों का सोना चढ़ाने वाला भक्त?

इस पूरे मामले में सबसे दिलचस्प बात यह है कि इतना बड़ा दान करने वाले श्रद्धालु ने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं करने की इच्छा जताई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह चेन्नई का एक उद्योगपति है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी पहले इस भक्त की असाधारण श्रद्धा के बारे में जानकारी साझा की थी। बताया गया कि श्रद्धालु ने भगवान वेंकटेश्वर के प्रति अपनी आस्था और जीवन में मिली सफलता के लिए कृतज्ञता जताते हुए यह स्वर्ण भेंट देने का फैसला किया है।

भगवान के श्रृंगार में भी खास है 121 किलो सोने का महत्व

इस चढ़ावे को लेकर एक और खास बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि 121 किलोग्राम सोने का कुल वजन मंदिर के गर्भगृह में विराजमान भगवान वेंकटेश्वर के श्रृंगार में इस्तेमाल होने वाले आभूषणों के संयुक्त वजन के लगभग बराबर है।

मंदिर से जुड़े सूत्रों के अनुसार, यह व्यक्तिगत स्तर पर मिलने वाला अब तक का सबसे बड़ा स्वर्ण चढ़ावा हो सकता है।

आस्था की अनोखी मिसाल बना करोड़ों का दान

तिरुपति बालाजी मंदिर दुनिया के सबसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार नकदी, सोना और अन्य कीमती वस्तुएं भगवान को अर्पित करते हैं।

लेकिन 121 किलोग्राम सोने की यह प्रस्तावित भेंट अपने विशाल आकार और कीमत की वजह से चर्चा में है। अब सभी की निगाहें 26 नवंबर पर टिकी हैं, जब इस ऐतिहासिक चढ़ावे को भगवान वेंकटेश्वर के चरणों में समर्पित किया जाएगा।

Related News

कमला नगर में चक्रवर्ती की भव्य दिग्विजय यात्रा में गूंजे जयकारे, भक्ति और उत्साह के साथ निकली शोभायात्रा-सौधर्म इंद्र के रूप में पत्नी रेनू जैन संग श्वेत रथ पर सवार हुए सांसद नवीन जैन, उनके छोटे भाई चक्रेश जैन ने निभाई भरत चक्रवर्ती की भूमिका*

23 Nov 2026

Share: