WhatsApp इस्तेमाल करने वालों के लिए अलर्ट! काम खत्म होते ही जरूर करें लॉगआउट, वरना लीक हो सकता है निजी डेटा
नई दिल्ली। अगर आप भी ऑफिस, दुकान या किसी दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन काम करने वाली भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने WhatsApp Web के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर एडवाइजरी जारी की है।
एडवाइजरी में चेतावनी दी गई है कि कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन छोड़ना यूजर्स के लिए साइबर सुरक्षा का खतरा बन सकता है। अगर कोई दूसरा व्यक्ति उस कंप्यूटर तक पहुंच बना लेता है तो वह आपके निजी मैसेज पढ़ सकता है, आपके नाम से दूसरों को मैसेज भेज सकता है और आपके कॉन्टैक्ट्स व ग्रुप चैट तक पहुंच सकता है।
सिर्फ टैब बंद करना काफी नहीं
एडवाइजरी में सबसे महत्वपूर्ण बात यह कही गई है कि WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद केवल ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देना पर्याप्त नहीं है। इससे आपका अकाउंट लॉगआउट नहीं होता। इसलिए हर बार काम पूरा होने के बाद मैन्युअली लॉगआउट करना जरूरी है।
साइबर कैफे और पब्लिक कंप्यूटर पर बरतें सावधानी
गृह मंत्रालय की एडवाइजरी में लोगों को साइबर कैफे, होटल, पब्लिक कंप्यूटर और दूसरे व्यक्तियों के कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन करने से बचने की सलाह दी गई है। यदि किसी विश्वसनीय कंप्यूटर पर इसका इस्तेमाल करना जरूरी हो तो Incognito या Private Browsing मोड का उपयोग करें और काम खत्म होने के बाद लॉगआउट जरूर करें।
इन बातों का रखें खास ध्यान
WhatsApp Web को हमेशा लॉगिन करके न छोड़ें।
हर सेशन के बाद मैन्युअली लॉगआउट करें।
ऑफिस या सार्वजनिक कंप्यूटर पर गोपनीय जानकारी साझा करने से बचें।
अनजान कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल न करें।
अपने अकाउंट में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें।
मोबाइल, कंप्यूटर और ब्राउजर को अपडेट रखें।
अकाउंट की पहचान का हो सकता है गलत इस्तेमाल
साइबर अपराधी अगर किसी तरह आपके WhatsApp Web सेशन तक पहुंच बना लेते हैं तो वे आपकी पहचान का इस्तेमाल करके दोस्तों और रिश्तेदारों को धोखाधड़ी वाले मैसेज भेज सकते हैं। इसके अलावा फिशिंग और अन्य ऑनलाइन अपराधों को भी अंजाम दिया जा सकता है।
इसलिए गृह मंत्रालय की एडवाइजरी का संदेश साफ है—सावधान रहें, हर सेशन के बाद लॉगआउट करें और अपनी डिजिटल पहचान को सुरक्षित रखें।