गंगा हमारी, सफाई करें विदेशी! ऋषिकेश में विदेशी महिलाओं ने उठाया कचरा, भारतीयों की नागरिक जिम्मेदारी पर उठे स

9,561 readers

ऋषिकेश: गंगा हमारी, लेकिन सफाई की जिम्मेदारी विदेशियों ने उठाई!

गंगा को भारत में मां का दर्जा दिया जाता है। करोड़ों लोगों की आस्था गंगा नदी से जुड़ी है, लेकिन जब इसी पवित्र नदी के घाटों पर गंदगी दिखाई देती है तो सवाल खड़े होना लाजिमी है। इन दिनों ऋषिकेश से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें कुछ विदेशी महिलाएं गंगा घाट पर फैला प्लास्टिक और कचरा उठाकर सफाई करती नजर आ रही हैं।

हाथों में ग्लव्स और कचरे के बैग लेकर सफाई

वायरल वीडियो में विदेशी महिलाएं हाथों में ग्लव्स और काले रंग के कचरे के बैग लेकर घाट पर फैली प्लास्टिक की थैलियां और अन्य कचरा इकट्ठा करती दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो ऋषिकेश के शिवपुरी-तपोवन क्षेत्र का है।

वीडियो को इंस्टाग्राम पर प्रसन्न कुमार नाम के यूजर ने साझा किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस पहल की जमकर चर्चा होने लगी।

विदेशियों ने दिखाई जिम्मेदारी, भारतीयों पर उठे सवाल

वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सवाल उठाया कि जिस गंगा को हम मां कहते हैं, उसी के घाटों पर आखिर इतनी गंदगी क्यों फैलाते हैं? विदेशी पर्यटक भारत आकर हमारी धरोहर को साफ रखने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग पूजा-पाठ के बाद प्लास्टिक और अन्य कचरा घाटों पर ही छोड़ जाते हैं।

इस वीडियो ने एक बार फिर नागरिक जिम्मेदारी और स्वच्छता को लेकर बहस छेड़ दी है।

सिर्फ सरकार नहीं, हमारी भी जिम्मेदारी

गंगा की सफाई केवल सरकार या किसी एक अभियान की जिम्मेदारी नहीं है। घाटों को साफ रखना वहां पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। नमामि गंगे जैसे अभियान तभी सफल हो सकते हैं, जब आम नागरिक भी अपनी जिम्मेदारी समझें।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस गंगा को हम मां कहते हैं, उसे साफ रखने के लिए हमें विदेशियों का इंतजार क्यों करना पड़ रहा है?

Related News

Share: