कार्तिगई दीपम विवाद के बीच PM मोदी ने किया भगवान मुरुगन का जयकारा, सोशल मीडिया पर पोस्ट ने खींचा ध्यान

10,938 readers

नई दिल्ली। तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम (Karthigai Deepam) को लेकर जारी विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान मुरुगन के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की है। पीएम मोदी ने शुक्रवार, 27 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक धार्मिक संदेश साझा किया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

प्रधानमंत्री मोदी ने तमिल भाषा में लिखा, 'वेट्रिवेल मुरुगनुक्कु अरोगरा!' इस संदेश को उन्होंने हिंदी और अंग्रेजी में भी साझा किया। इसका अर्थ है- 'भगवान मुरुगन की जय हो।'

क्या है कार्तिगई दीपम विवाद?

दरअसल, तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम का पारंपरिक दीपक जलाने को लेकर विवाद चल रहा है। विवाद पहाड़ी पर स्थित दीपथून नामक पत्थर के स्तंभ पर दीपक जलाने को लेकर है।

सुप्रीम कोर्ट ने 28 नवंबर को दीपथून स्तंभ पर दीपक जलाने का निर्देश दिया है। इससे पहले 24 नवंबर को निर्धारित स्थान पर दीपक नहीं जलाए जाने को लेकर अदालत ने तमिलनाडु सरकार और प्रशासन पर कड़ी नाराजगी जताई थी।

सुप्रीम कोर्ट ने दिए सख्त निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने आदेश का पालन नहीं होने पर तमिलनाडु के वरिष्ठ अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किए हैं। साथ ही मंदिर के न्यासी बोर्ड को निलंबित कर मंदिर के प्रबंधन की निगरानी के लिए सेवानिवृत्त हाईकोर्ट जजों को नियुक्त किया है।

पीएम मोदी की यह पोस्ट सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश के कुछ घंटों बाद आई। हालांकि प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में सीधे तौर पर विवाद या अदालती फैसले का जिक्र नहीं किया।

Related News

Share: