राष्ट्रीय रस्साकसी में चमके फतेहपुर सीकरी के लाल: रजत पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का सांसद राजकुमार चाहर ने किया स्वागत
आगरा। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम (अनंतनाग) में आयोजित 28वीं सब जूनियर, 39वीं जूनियर एवं 39वीं सीनियर पुरुष व महिला राष्ट्रीय रस्साकसी चैंपियनशिप-2026 में उत्तर प्रदेश की अंडर-19 पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। फाइनल के कड़े मुकाबले में दिल्ली के सामने उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए टीम ने देश भर में दूसरा स्थान प्राप्त कर उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
सांसद आवास पर हुआ भव्य अभिनंदन
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेडल जीतकर लौटे सभी खिलाड़ी आगरा में फतेहपुर सीकरी के सांसद और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर के आवास पहुंचे। यहाँ सांसद चाहर ने विजेता खिलाड़ियों के साथ उत्तर प्रदेश रस्साकसी संघ के महासचिव एन.के. चक्रवर्ती और संयुक्त सचिव संजय कुमार का जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया।
ग्रामीण प्रतिभाओं में नहीं है कोई कमी: राजकुमार चाहर
खिलाड़ियों को बधाई देते हुए सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र गौरव का सबसे बड़ा माध्यम हैं। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेरकर यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने के लिए खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
सांसद खेल स्पर्धा से मिली नई उड़ान
उत्तर प्रदेश रस्साकसी संघ के महासचिव एन.के. चक्रवर्ती ने सांसद राजकुमार चाहर के आर्थिक सहयोग और प्रोत्साहन के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि सांसद खेल स्पर्धा के माध्यम से उभरकर आई इसी टीम ने पूर्व में स्वर्ण पदक भी हासिल किया था और अब राष्ट्रीय चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। इस खास मौके पर संयुक्त सचिव संजय कुमार, परमवीर चाहर, वीरू फौजदार, सचिन गोयल, रौनक कुमार, देव कुमार सहित पूरी रस्साकसी टीम मौजूद रही।