योगी सरकार की योजना से बदली आगरा की दो महिलाओं की तकदीर: सुजाता और पूजा बनीं आत्मनिर्भर, दूसरों को भी दिया रोजगार

4 readers

आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना' युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में गेम-चेंजर साबित हो रही है। जनपद आगरा में इस योजना के माध्यम से कई लाभार्थियों ने न सिर्फ अपने उद्योग स्थापित किए हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा किए हैं। इसी कड़ी में आगरा की दो महिला उद्यमियों— सुजाता और पूजा देवी की सफलता की कहानी अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है।

बिना ब्याज के 5 लाख का लोन और 50 हजार का मिला अनुदान

आगरा के सदर बाजार (सवेरा होटल क्षेत्र) की रहने वाली सुजाता पहले एक साधारण गृहिणी थीं। वह हमेशा से खुद का बिजनेस शुरू करना चाहती थीं, लेकिन पैसों की कमी और बैंकों की भारी ब्याज दरों के कारण कदम आगे नहीं बढ़ा पा रही थीं। समाचार पत्र के माध्यम से उन्हें इस योजना की जानकारी मिली, जिसके बाद जिला उद्योग केंद्र की मदद से उनका आवेदन स्वीकृत हुआ। उन्हें इंडियन ओवरसीज बैंक (शाहगंज शाखा) से फुटवियर मैन्युफैक्चरिंग उद्योग के लिए ₹5 लाख का ब्याजमुक्त ऋण और सरकार की तरफ से ₹50 हजार का अनुदान मिला। आज उनकी यूनिट शानदार चल रही है, जहाँ विदेशी पर्यटक भी आ रहे हैं और उन्होंने 5 अन्य लोगों को नौकरी पर भी रखा है।

चक्की उद्योग से पूजा देवी ने पाई सफलता

इसी तरह आगरा के ग्राम दौलताबाद की रहने वाली पूजा देवी ने भी आर्थिक तंगहाली को मात देकर इस योजना के जरिए अपनी किस्मत बदली है। योजना के तहत आवेदन करने के बाद उन्हें इंडियन ओवरसीज बैंक (ककुआ शाखा) से चक्की उद्योग के लिए ₹5 लाख का ब्याजमुक्त लोन और ₹50 हजार का अनुदान प्राप्त हुआ। वर्तमान में उनकी चक्की इकाई सुचारु रूप से चल रही है और आसपास के क्षेत्रों में उनके उत्पादों की भारी मांग है। इस बिजनेस से अच्छा मुनाफा कमाने के साथ-साथ पूजा ने भी 5 स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जताया आभार

दोनों महिला उद्यमियों ने खुद को सशक्त और स्वावलंबी बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति दिल से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, आगरा के अधिकारियों के सहयोग की सराहना करते हुए क्षेत्र के अन्य युवाओं और महिलाओं से भी इस कल्याणकारी योजना का बढ़-चढ़कर लाभ उठाने की अपील की है।

Related News

Share: